Jharkhand weather update: झारखंड में आज मौसम साफ, सुबह-शाम ठंडी हवा से दिन हुआ सुहाना

3 Min Read

Jharkhand weather update

रांची। झारखंड में गुरुवार को मौसम पूरी तरह साफ नजर आया। राजधानी रांची में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, जबकि सुबह और शाम चल रही ठंडी हवा ने मौसम को काफी सुहाना बना दिया है। लोग हल्के स्वेटर और जैकेट पहनते दिखाई दिए। मौसम विभाग के मुताबिक, रांची का न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि अधिकतम तापमान 28 डिग्री तक पहुंच सकता है।

न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी

पिछले 48 घंटों की तुलना में राज्य के ज्यादातर जिलों में रात का तापमान थोड़ा बढ़ा है। पहले रात का तापमान 14 डिग्री के आसपास था, जो अब 15 से 16 डिग्री तक पहुंच गया है। खासकर पाकुड़, गोड्डा, कोडरमा, बोकारो, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जैसे जिलों में रात का तापमान 17 से 18 डिग्री तक रहने का अनुमान है। इस बदलाव के कारण अब रात में भारी कंबल की आवश्यकता नहीं है और ठंड में कड़ाके जैसी स्थिति खत्म हो गई है।

दोपहर की गर्मी बढ़ाने लगी परेशानी

जहां सुबह और शाम हल्की ठंडक रही, वहीं दोपहर के समय तेज धूप ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया। दक्षिणी जिलों जैसे जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में दिन का तापमान 28 से 29 डिग्री तक पहुंच गया। राज्य के कई अन्य जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री पार कर सकता है। लोग कह रहे हैं कि इस बार ठंड खत्म होते ही गर्मी जल्दी दस्तक दे गई है।

अप्रैल-मई से पहले ही गर्मी के संकेत

आम तौर पर अप्रैल और मई को झारखंड में सबसे गर्म महीने माना जाता है, लेकिन इस बार फरवरी के अंत में ही गर्मी का असर दिखने लगा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। वहीं, सुबह और शाम की ठंडी हवा के चलते दिन का अनुभव सुहाना बना रहता है, लेकिन दोपहर में गर्मी बढ़ती जा रही है।मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बदलाव से किसानों और आम लोगों को अपनी दिनचर्या और फसल-संबंधी कामों में ध्यान रखने की जरूरत है। साफ मौसम के चलते बाहर समय बिताना सुहाना रहेगा, लेकिन दोपहर में तेज धूप से बचाव जरूरी है।

Share This Article