Jharkhand Weather:
रांची। हिमालय से आनेवाली बर्फीली हवाएं झारखंड को ठिठुरा रही हैं। इन ठडी हवाओं के कारण पूरा राज्य शीतलहर की चपेट में है। रात का पारा चार डिग्री तक गिर गया है। नवंबर महीने में ही दिसंबर-जनवरी जैसी ठिठुरन शुरू हो गई है। हिमालय क्षेत्र से आ रही तेज बर्फीली हवाओं के कारण रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी समेत कई जिलों में कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। पिछले 24 घंटों में खूंटी का न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो आमतौर पर दिसंबर के दूसरे सप्ताह में देखने को मिलता है। ठंड बढ़ने के साथ ही शाम 5 बजे के बाद बाजार और गलियां सुनसान होने लगी हैं और लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं।
रांची और लोहरदगा में पारा 10 डिग्री से नीचेः
राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जबकि लोहरदगा में पारा 7 डिग्री तक लुढ़क गया है। तेज ठंडी हवाओं के कारण लोग दो-दो स्वेटर पहनकर ही घर से बाहर निकल रहे हैं। मौसम की इस अचानक मार ने दैनिक गतिविधियों को भी प्रभावित किया है।
शाम 5 बजे अंधेरा और 6 बजे सड़के वीरानः
कुछ दिन पहले तक जहां शाम 6 बजे तक बाजारों में चहल-पहल रहती थी, अब वहीं ठंडी हवाओं और कोहरे की वजह से सड़कें सूनी दिखाई दे रही हैं। शाम 5 बजे ही अंधेरा हो जा रहा है। सिर्फ आवश्यक काम वाली गाड़ियां ही दिखाई दे रही हैं। लोग शाम की सैर और टहलना भी कम कर चुके हैं।
पारा और गिर सकता हैः
मौसम विभाग के मुताबिक, आज गुरुवार को गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग और आसपास के जिलों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। अधिकतम तापमान 24–25 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि सुबह व शाम चलने वाली तेज हवाएं और कोहरा सर्दी को और बढ़ाएंगे।

