Jharkhand Weather:
रांची। झारखंड में ठंड ने अब अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। नवंबर के दूसरे सप्ताह में राज्य के उत्तर और मध्य हिस्सों में शीतलहरी की स्थिति बनने लगी है। मौसम केंद्र रांची ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है। राजधानी रांची में तीन दिनों के भीतर न्यूनतम तापमान में लगभग 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। रविवार को शहर का न्यूनतम तापमान 11.8°C रहा, जबकि 6 नवंबर को यह 15.6°C था। हवा में नमी और सुबह की ठंडी बयार ने सर्दी का असर और बढ़ा दिया है।
मौसम विभाग के अनुसार:
मौसम विभाग के अनुसार, पलामू, लातेहार, चतरा, गुमला और लोहरदगा जिलों में अगले कुछ दिनों में शीतलहरी चलने की संभावना है। इन इलाकों में सुबह और देर शाम के समय ठंड का प्रकोप ज्यादा रहेगा। रांची का तापमान आने वाले दिनों में 10°C से नीचे जा सकता है, जबकि अन्य जिलों में न्यूनतम तापमान 10 से 15°C के बीच रहने का अनुमान है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने दी चेतावनी:
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि ठंड बढ़ने से फ्लू, नाक बंद होना, नाक से खून आना जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। अत्यधिक ठंड में लंबे समय तक रहने से शीतदंश (Frostbite) का खतरा भी बना रहता है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि लोग गर्म कपड़े पहनें, शरीर को ढककर रखें और कंपकंपी को नजरअंदाज न करें।
रात के समय खुले में रहने वाले लोगों, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में ठंड की शुरुआत जोर पकड़ चुकी है और निकट भविष्य में इससे राहत की संभावना कम है। झारखंड में सर्दी अब पूरी तरह दस्तक दे चुकी है।







