Cold in Jharkhand
रांची। झारखंड में ठंड ने एक बार फिर तीखा रूप ले लिया है। राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है। राजधानी रांची के पास स्थित कांके में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे कम रहा। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने झारखंड के सात जिलों में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार
मौसम विभाग के अनुसार लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, रांची, रामगढ़ और बोकारो जिलों में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। इन इलाकों में सुबह 9:30 बजे तक कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना जताई गई है। IMD ने लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक उपाय अपनाने की सलाह दी है।
रांची के नजदीक कांके के अलावा गुमला में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री, लोहरदगा में 3.7 डिग्री और खूंटी में लगभग 4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। ये आंकड़े साफ तौर पर दर्शाते हैं कि राज्य इस समय भीषण शीतलहर की चपेट में है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक झारखंड के कुल 13 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। डाल्टनगंज में तापमान 6.1 डिग्री, चाईबासा में 9.2 डिग्री और जमशेदपुर में 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड का असर खासतौर पर ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों में अधिक देखने को मिल रहा है, जहां सुबह के समय पाला पड़ने जैसी स्थिति बन रही है।
रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड के निचले क्षोभमंडल में सक्रिय पश्चिमी हवाएं इस शीतलहर का प्रमुख कारण हैं। उनके अनुसार अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।







