Jharkhand weather today
रांची। झारखंड में पिछले कई दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड के बीच अब मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। आज से राज्य के अधिकांश जिलों में ठंड से बड़ी राहत मिलने की संभावना है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे सुबह और रात की ठिठुरन पहले की तुलना में कम महसूस की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार
मौसम विभाग के अनुसार, आज पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा। किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी या अलर्ट जारी नहीं किया गया है। सुबह हल्का कोहरा, दिन में खिलेगी धूप। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, आज सुबह झारखंड के कई इलाकों में हल्का कोहरा देखा गया। हालांकि, सूरज निकलते ही मौसम साफ हो जाएगा। दिनभर नीला आसमान और हल्की ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। शुष्क मौसम के कारण बारिश या ओलावृष्टि की कोई आशंका नहीं जताई गई है। राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है, जो बीते दिनों की तुलना में काफी बेहतर स्थिति मानी जा रही है। इससे पहले कई इलाकों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
रांची समेत कई जिलों में बढ़ा तापमान
रांची मौसम केंद्र के अनुसार, रांची, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), बोकारो, गुमला और लातेहार में न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
लातेहार में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो पिछले एक महीने का सबसे अधिक तापमान है। बीते कई हफ्तों से यहां तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था।
प्रमुख शहरों का तापमान और AQI
तापमान में राहत के बावजूद वायु गुणवत्ता (AQI) अब भी चिंता का विषय बनी हुई है
रांची: अधिकतम 24°C, न्यूनतम 10°C, AQI 263
जमशेदपुर: अधिकतम 26°C, न्यूनतम 10°C, AQI 240
धनबाद: अधिकतम 25°C, न्यूनतम 9°C, AQI 287
बोकारो: अधिकतम 25°C, न्यूनतम 8°C, AQI 210
पलामू: अधिकतम 26°C, न्यूनतम 6°C, AQI 220
आगे का पूर्वानुमान
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव बना रह सकता है, लेकिन फिलहाल शीतलहर जैसी स्थिति नहीं बनेगी। कुल मिलाकर, झारखंड के लोगों के लिए यह मौसम ठंड से राहत देने वाला साबित हो रहा है।

