Cold wave in Jharkhand
रांची। उत्तर भारत में बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ के कारण आ रही ठंडी हवा से पूरा झारखंड शीतलहरी की चपेट में है। सुबह में घना कोहरा छाये रहने और कनकनी से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। आठ जनवरी तक राज्यभर के स्कूल बंद कर दिये गए हैं। रांची में पिछले 24 घंटे में 4.1 डिग्री, मेदिनीनगर में 5.4 डिग्री और बोकारो में 3.1 डिग्री सेल्सियस पारा गिर गया है। राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री, मेदिनीनगर का 6.3, बोकारो का 8.5, लोहरदगा का 4.1 और कांके का न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
सुबह-शाम में बढ़ेगी कनकनी
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की कमी और आयेगी। वहीं इसके तीसरे दिन से न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। सुबह में घना कोहरा के साथ कनकनी बढ़ेगी। शाम में कुहासा के साथ-साथ कनकनी और ठंडी हवा चलने से परेशानी हो सकती है। लोगों को अपने स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गयी है। खास कर मॉर्निंग वाकर, वृद्धों और बच्चों को इस ठंड से बचने के उपाय करने की बात कही गयी है।
विजिविलिटी में गिरावट
घने कोहरे के कारण सोमवार को रांची व मेदिनीनगर में विजिबिलिटी 300 मीटर रही। जमशेदपुर में 700 मीटर और देवघर में 650 मीटर विजिबिलिटी रही। विजिबिलिटी कम रहने से रांची और देवघर में हवाई यात्रा प्रभावित रही।
अधिकतम तापमान में भी भारी गिरावट
पिछले 24 घंटे में राज्य के कई जिलों की अधिकतम तापमान में भी भारी गिरावट आयी है। रांची में सोमवार को अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 2.9 डिग्री व पिछले 24 घंटे में 2.2 डिग्री सेल्सियस कम है। इसी प्रकार जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.0 डिग्री व 24 घंटे में 5.1 डिग्री सेल्सियस कम है। मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 21.1 डिग्री है, जो सामान्य से 2.5 व 24 घंटे में 0.4 डिग्री सेल्सियस कम है।

