Cold wave Jharkhand: झारखंड में शीतलहर का प्रकोप, मैक्लुस्कीगंज में पारा -1°C, स्कूलों में 14 जनवरी तक छुट्टी

3 Min Read

Cold wave Jharkhand

रांची। झारखंड में कड़ाके की ठंड का दौर लगातार जारी है और फिलहाल इससे राहत मिलने के आसार कम हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार ट्रोपोस्फेरिक स्तर पर सक्रिय उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण राज्य में शीतलहर का प्रभाव बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक उतार-चढ़ाव हो सकता है, लेकिन रात और सुबह के समय ठंड और ज्यादा तीखी रहेगी।

12 से 16 जनवरी तक शीतलहर का यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने 12 से 16 जनवरी तक राज्य के कई जिलों के लिए शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है। इसमें गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और हजारीबाग शामिल हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और ठंड से बचाव के उपाय करें।

12 जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे

रविवार को झारखंड के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया। मैक्लुस्कीगंज में पारा माइनस 1 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे ओस की बूंदें जमने लगीं। गुमला में 2.8, हजारीबाग में 4.8, डालटनगंज में 4.9 और खूंटी में 5.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री रहा। कुल 12 जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है।

14 जनवरी तक स्कूलों में छुट्टी

शीतलहर को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। उपायुक्त के आदेश के अनुसार सभी निजी स्कूलों में केजी से कक्षा छह तक की पढ़ाई 14 जनवरी तक स्थगित रहेगी। वहीं कक्षा 7 से 12 तक की कक्षाएं सुबह 10 बजे के बाद ही संचालित होंगी।

जनजीवन प्रभावित, बाजारों में सन्नाटा

ठंड का असर जनजीवन पर साफ दिख रहा है। सुबह-शाम ठंडी हवाओं से कंपकंपी महसूस की जा रही है, बाजारों में रौनक कम हो गई है। हालांकि दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड का असर बना रह सकता है।

Share This Article