Jharkhand cold wave
रांची। झारखंड में कड़ाके की ठंड ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने शीतलहर और घने कोहरे को लेकर राज्य के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी और रांची में भीषण ठंड की चेतावनी दी गई है।
कांके राज्य में सबसे ठंडा
राजधानी रांची से सटे कांके में न्यूनतम तापमान गिरकर 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे राज्य में सबसे कम रहा। लगातार गिरते तापमान के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है, खासकर सुबह और रात के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है।
कई जिलों में शीत दिवस और घना कोहरा
गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, हजारीबाग और कोडरमा में घने कोहरे के साथ ‘शीत दिवस’ जैसी स्थिति बनी हुई है। वहीं गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में दृश्यता 50 से 200 मीटर के बीच रहने की आशंका है।
31 दिसंबर की सुबह तक रहेगा असर
मौसम विभाग ने बताया कि 31 दिसंबर की सुबह 8:30 बजे तक घना कोहरा छाया रह सकता है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की संभावना है। लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।
पश्चिमी विक्षोभ का है असर
आईएमडी के अनुसार निचले क्षोभमंडलीय स्तरों में उत्तर-पश्चिमी से पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। बीते 24 घंटों में लोहरदगा में न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री, खूंटी में 4 डिग्री, डाल्टनगंज में 6.1 डिग्री और रांची में 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।







