Cold wave in Jharkhand
रांची। झारखंड में ठंड एक बार फिर तेज होने वाली है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 3 जनवरी से राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर चलने की आशंका है। पश्चिमी विक्षोभ के फिर से सक्रिय होने और उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार
मौसम विभाग ने 2 जनवरी को झारखंड के दस जिलों में घने कोहरे का पूर्वानुमान जारी किया है। इन जिलों में गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं। इन जिलों में सुबह के समय दृश्यता 50 से 200 मीटर तक रह सकती है। अन्य जिलों में भी सुबह हल्का कोहरा और कनकनी रहेगी, हालांकि दिन में मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से ठंडी हवाओं का प्रवाह तेज होगा, जिससे राज्य के कई इलाकों में शीतलहर चल सकती है। खासतौर पर रात और सुबह के समय ठंड अधिक महसूस होगी। मौसम में हो रहे बदलाव को देखते हुए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने, बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से बचाने और किसानों को फसलों की सुरक्षा पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।
अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क
नववर्ष के पहले दिन झारखंड के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहा। इसी वजह से पिकनिक स्थलों पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। हालांकि, शाम और रात के समय ठंड का असर स्पष्ट रूप से महसूस किया गया। गुरुवार को झारखंड के विभिन्न जिलों में न्यूनतम तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया: रांची में 7.9 डिग्री सेल्सियस, कांके और गुमला में 4.4 डिग्री, मेदिनीनगर में 5.7 डिग्री, बोकारो में 7.5 डिग्री, जमशेदपुर में 10.0 डिग्री, चाईबासा में 8.6 डिग्री, लातेहार में 8.3 डिग्री, लोहरदगा में 6.0 डिग्री, पाकुड़ में 7.6 डिग्री और खूंटी में 6.3 डिग्री दर्ज किया गया।
राजधानी रांची में गुरुवार को अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले 24 घंटे में 1.9 डिग्री कम रहा। वहीं, अन्य जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव देखा गया। मौसम विभाग ने आगाह किया है कि आने वाले दिनों में सुबह और शाम ठंड बढ़ेगी और घने कोहरे के कारण यातायात प्रभावित हो सकता है। लोगों को शीतलहर से बचाव के लिए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।







