Jharkhand Today Weather: कड़ाके की ठंड से कांपा झारखंड, 12 जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट

3 Min Read

Jharkhand Today Weather

रांची। झारखंड में कड़ाके की ठंड और बर्फीली हवाओं ने जनजीवन को बेहाल कर दिया है। राज्य के बड़े हिस्से में ठिठुरन बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए झारखंड के 12 जिलों में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। आसमान साफ रहने के कारण रात के तापमान में तेज गिरावट दर्ज की जा रही है। गुमला में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि रांची के काकी क्षेत्र में पारा 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

इन जिलों में शीतलहर और कोहरे की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार रांची के अलावा पलामू, गढ़वा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो समेत कई जिलों में शीतलहर चलने की संभावना है। सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाए रहने और दिन में तेज ठंडी हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

10 डिग्री से नीचे पहुंचा कई जिलों का तापमान

राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। डालटेनगंज में 8.01 डिग्री, बोकारो में 9.5, चाईबासा में 9.6, खूंटी में 8.0, लोहरदगा में 8.2, लातेहार में 7.9 और सरायकेला में 8.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है। कोहरे का असर कम होने से ठंड और अधिक बढ़ गई है।

आने वाले दिनों का मौसम पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार 26 दिसंबर की सुबह कुछ इलाकों में कोहरा छा सकता है, लेकिन बाद में आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। 28 से 31 दिसंबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। अगले एक सप्ताह में रांची और आसपास के क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग ने ठंड से बचाव के लिए लोगों को गर्म कपड़े पहनने, सुबह-शाम अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।

Share This Article