Jharkhand cold wave:
रांची। झारखंड शीतलहर की चपेट में है। ठंड इतनी कड़क है कि खेतों में जमी ओस की बुंदे जमकर बर्फ बन रही हैं। इससे खेतों में उगी सब्जियों को भी नुकसान पहुंच रहा है। राज्य के लगभग सभी जिलों का पारा 10 डिग्री के नीचे पहुंच रहा है। कांके में तो पारा गिर कर 4.5 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं राजधानी रांची का तापमान भी गिर कर 7.5 डिग्री तक पहुंच गया है।
हिमालय की बर्फीली हवाएं कंपकपा रहीः
दरअसल, उत्तर–पश्चिम से आ रही हिमालय की बर्फीली हवाओं ने राज्य के कई जिलों को शीतलहर की चपेट में ले लिया है। सबसे ज्यादा ठिठुरन गुमला में दर्ज की गई, जहां तापमान गिरकर 3.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग ने रांची सहित 11 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
रांची और आसपास के इलाकों में बढ़ी गलनः
रांची में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, कांके में पारा और नीचे जाकर 4.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जमशेदपुर में तापमान 9.6 डिग्री, खूंटी में 5 डिग्री, बोकारो में 8.2 डिग्री और डालटनगंज में 6.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह और देर रात गलन इतनी बढ़ गई है कि खुले क्षेत्रों में निकलना मुश्किल हो गया है।
अगले 5 दिनों तक राहत नहीः
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अभी ठंड से राहत की कोई संभावना नहीं है। अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। हालांकि, आने वाले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2–3 डिग्री तक की हल्की बढ़ोतरी संभव है। 13 दिसंबर तक सुबह के समय कोहरा और धुंध छाई रहने की भी संभावना जताई गई है।







