Jharkhand weather update: झारखंड में ठंड की विदाई, दिन में हल्की गर्मी का एहसास

Anjali Kumari
2 Min Read

Jharkhand weather update

रांची। झारखंड में अब कड़ाके की ठंड अपने अंतिम दौर में है। राज्य में धीरे-धीरे तापमान बढ़ रहा है और दिन के समय हल्की गर्मी महसूस होने लगी है। तेज धूप के कारण दोपहर में लोग हल्के कपड़ों में बाहर निकल रहे हैं और कई इलाकों में स्वेटर की जरूरत भी कम हो गई है। पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो रांची में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चाईबासा में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

उत्तर-पश्चिम झारखंड में सुबह हल्की ठंड

उत्तर-पश्चिम झारखंड के कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और पलामू जिलों में सुबह के समय अभी भी हल्की ठंड महसूस की जा रही है।
इन जिलों में अधिकतम तापमान 25 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार चतरा और पलामू में आने वाले दिनों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

दक्षिणी झारखंड में बढ़ी गर्मी

पश्चिमी और पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा जिलों में गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। इन इलाकों में दिन का अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 16 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। दोपहर के समय यहां स्वेटर पहनने की जरूरत नहीं पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक आज भी मौसम इसी तरह बना रहने की संभावना है।

Share This Article