Cold wave Jharkhand
रांची। रांची सहित पूरे झारखंड में ठंड ने एक बार फिर तीखा रुख अख्तियार कर लिया है। बर्फीली हवाओं और तेजी से गिरते तापमान ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने राजधानी रांची समेत राज्य के सात जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। बीते 24 घंटों में रांची का न्यूनतम तापमान गिरकर 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन की अब तक की सबसे कड़ी ठंड मानी जा रही है।
मौसम विज्ञान के अनुसार
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से ठंड का असर और बढ़ गया है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। आने वाले 24 घंटों में राज्य के लगभग सभी जिलों का न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिट में रहने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में यह 4 से 5 डिग्री तक भी पहुंच सकता है।
इन जिलों में शीतलहर की चेतावनी
मौसम विभाग ने जिन जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है, उनमें पलामू, गढ़वा, लातेहार, गुमला, खूंटी, सिमडेगा और रांची शामिल हैं। इन जिलों में सुबह और रात के समय तेज और ठंडी हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे ठंड का प्रकोप और बढ़ेगा। राजधानी रांची में ठंड का असर साफ नजर आ रहा है। शाम ढलते ही सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसर जा रहा है। गुमला और खूंटी समेत अन्य इलाकों में भी लोग दिन में घरों से निकलने से परहेज कर रहे हैं।
सुबह के समय कड़ाके की ठंड और तेज हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से सुबह टहलने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी है। ठंडी और बर्फीली हवाओं से स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। लोगों को सलाह दी गई है कि धूप निकलने के बाद ही बाहर निकलें और पर्याप्त ऊनी कपड़ों का इस्तेमाल करें।

