Cold wave in Jharkhand
रांची। झारखंड में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है और फिलहाल इससे राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर चल रही है, जिससे न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने 14 और 15 जनवरी को राज्य के उत्तर-पश्चिमी, मध्यवर्ती और दक्षिणी इलाकों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। ऐसे में मकर संक्रांति के दिन लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ सकता है, हालांकि दिन में धूप निकलने से कुछ हद तक राहत मिलने की संभावना जताई गई है।
गुमला सबसे ठंडा, कई जिलों में पारा लुढ़का
मौसम केंद्र द्वारा 13 जनवरी को जारी रिपोर्ट के अनुसार, गुमला राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद खूंटी में 4.2 डिग्री, डाल्टनगंज में 5.6 डिग्री, बोकारो में 7.1 डिग्री, सिमडेगा में 7.3 डिग्री और रांची में 7.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री रहा, जबकि देवघर और सरायकेला में यह 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
अधिकतम तापमान में भी गिरावट
ठंड का असर दिन के तापमान पर भी साफ दिख रहा है। राज्य में चाईबासा का अधिकतम तापमान सबसे अधिक 28.0 डिग्री रहा, जबकि रांची में यह 21.6 डिग्री और हजारीबाग में 21.9 डिग्री दर्ज किया गया। लातेहार में दिन के समय भी कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है, जहां अधिकतम तापमान मात्र 17.3 डिग्री तक सिमट गया है।
सात जिलों के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 14 से 16 जनवरी तक गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, चतरा और हजारीबाग जिलों में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा बोकारो और रामगढ़ के कुछ इलाकों में भी शीतलहर की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

