Cold wave Jharkhand
रांची। झारखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है और राज्य के अधिकांश जिलों में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। रांची, गुमला और लातेहार समेत कई इलाकों में हाड़ कंपाने वाली सर्दी पड़ रही है। दिन के मुकाबले रात के तापमान में 1 से 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठिठुरन बढ़ गई है। सर्द हवाओं के चलते खासकर बेघर और कमजोर वर्ग के लोगों को रात गुजारना मुश्किल हो रहा है। हालांकि, जिला प्रशासन ने राहत के तौर पर कई जगहों पर अलाव की व्यवस्था की है।
18 दिसंबर को जारी रिपोर्ट के अनुसार
मौसम केंद्र रांची की 18 दिसंबर को जारी रिपोर्ट के अनुसार, रांची का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे कम है। इसके अलावा डाल्टनगंज, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा और सिमडेगा समेत कुल नौ जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज हुआ है। रांची के बाद गुमला में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री और लातेहार में 7.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
अधिकतम तापमान की बात करें तो लातेहार का पारा सबसे कम 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे दिन में भी ठंड का असर साफ दिखा। रांची का अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री रहा, जबकि जमशेदपुर और डाल्टनगंज में हल्की गर्माहट महसूस की गई।
कई जिलों में सुबह के समय मध्यम स्तर
इसके साथ ही राज्य के कई जिलों में सुबह के समय मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा। रांची में विजिबिलिटी घटकर 500 मीटर, देवघर में 400 मीटर और जमशेदपुर में 700 मीटर तक रह गई, जिससे विमान सेवाएं प्रभावित हुईं। हैदराबाद से आने वाली एक फ्लाइट को कोलकाता डायवर्ट करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक ठंड और कोहरे का असर बना रह सकता है।

