Bihar Weather Update
पटना, एजेंसियां। बिहार में मौसम ने अचानक करवट ली है और राज्य के कई जिलों में सोमवार से तेज हवाओं, बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इसके मद्देनजर कई जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है और खेतों में काम कर रहे किसानों तथा खुले स्थानों पर मौजूद लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
बिहार के सीमांचल क्षेत्र का क्या है हाल?
रविवार देर रात से ही बिहार के सीमांचल क्षेत्र के जिलों पूर्णिया, किशनगंज, अररिया में मौसम में बदलाव महसूस किया गया। इन जिलों में आसमान में घने बादल छा गए और सोमवार सुबह राजधानी पटना में भी मौसम बदलते हुए नजर आया। मौसम विभाग के अनुसार यह बदलता मौसम उत्तर और पूर्वी बिहार के कई जिलों पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, जमुई, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, खगड़िया और मुंगेर में प्रभाव डाल सकता है।
इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के झोंके 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकते हैं।मौसम विभाग ने चेताया है कि इन जिलों में गरज-चमक और बारिश के साथ-साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। इसलिए आम जनता को खुले स्थानों पर जाने से बचने और खेतों में काम करते समय सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
वहीं, राज्य के मध्य हिस्सों वैशाली, पटना, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय और बेगूसराय—में मौसम अपेक्षाकृत शांत रह सकता है। इन जिलों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन फिलहाल इन जिलों के लिए किसी बड़े अलर्ट की घोषणा नहीं की गई है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि ….
मौसम विभाग का अनुमान है कि यह बदला हुआ मौसम 11 मार्च की रात तक जारी रह सकता है। इस दौरान कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश और तेज हवा का सिलसिला देखने को मिल सकता है। इसके बाद 12 मार्च से मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने की संभावना जताई गई है।
विशेष रूप से राज्य के ग्रामीण इलाकों में खेतों में काम कर रहे किसानों और खुले क्षेत्रों में मौजूद लोगों को सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विभाग ने कहा कि तेज हवाओं, बिजली और आंधी के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने से किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सकता है।








