Cold wave in Jharkhand: शीतलहरी में मनेगी मकर संक्रांति, 12 जिलों में येलो अलर्ट

Anjali Kumari
2 Min Read

Cold wave in Jharkhand

रांची। झारखंड में मकर संक्रांति शीतलहरी में मनेगी। मौसम विभाग ने राज्य के 12 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार से तापमान में एकाएक गिरावट आने की संभावना है। विभाग ने चेतावनी दी है कि तापमान 4 डिग्री तक गिर सकता है, जिससे राज्य में कड़ाके की ठंड और तेज शीतलहर का असर साफ तौर पर महसूस होगा। खासकर सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ने की आशंका है।

18 जनवरी तक शीतलहर की चेतावनी

मौसम विभाग ने बताया है कि 13 जनवरी से 17 जनवरी तक झारखंड में जबरदस्त शीतलहर चलेगी। इस दौरान कई जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा और तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। 13 जनवरी को रांची, खूंटी, पलामू, हजारीबाग, रामगढ़, लातेहार, लोहरदगा, पाकुड़ और सरायकेला-खरसावां में ठंड का असर ज्यादा रहने की संभावना है। इन जिलों में न्यूनतम तापमान 2 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

सावधानी बरतने की अपील

ठंड और शीतलहर को देखते हुए मौसम विभाग ने झारखंड के 12 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें रांची, खूंटी, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, रामगढ़, बोकारो, सरायकेला-खरसावां, चतरा, गढ़वा और गुमला शामिल हैं। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और ठंड से बचाव के लिए जरूरी कदम उठाने की अपील की है।

Share This Article