नयी दिल्ली, एजेंसियां : भारत ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर की गई अमेरिकी विदेश विभाग की टिप्पणी को ‘अनुचित’ करार देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि उसे अपनी स्वतंत्र और मजबूत लोकतांत्रिक संस्थाओं पर गर्व है और वह इन्हें किसी भी प्रकार के अनावश्यक बाहरी प्रभाव से बचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
भारतीय विदेश विभाग के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेसवार्ता के दौरान गिरफ्तारी पर वाशिंगटन की टिप्पणी को लेकर नई दिल्ली के रुख के बारे में पूछे जाने पर यह प्रतिक्रिया व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि हमें अमेरिकी विदेश मंत्रालय की ओर से दी गई राय पर सख्त आपत्ति है। उन्होंने आगे इस बात पर जोर दिया कि अंतरराष्ट्रीय संबंधों की नींव के लिए आपसी सम्मान और समझ जरूरी है और राज्यों से अन्य देशों की संप्रभुता और आंतरिक मामलों का सम्मान करने का आग्रह किया।
जयसवाल ने कहा कि अमेरिकी विदेश विभाग की हालिया टिप्पणियां अनुचित हैं। हमारी चुनावी और कानूनी प्रक्रियाओं पर ऐसा कोई भी बाहरी आरोप पूरी तरह से अस्वीकार्य है।
भारत में कानूनी प्रक्रिया केवल कानून के शासन द्वारा संचालित होती है। भारत को अपने मजबूत और स्वतंत्र लोकतांत्रिक देश होने पर गर्व है।
इसे भी पढ़ें
मतदाता सूची में अपने नाम और मतदान केन्द्र के स्थल की जांच करें मतदाता : के. रवि कुमार