रांची। लोकसभा चुनाव को लेकर झारखंड बीजेपी प्रदेश कार्यालय में एनडीए की बैठक चल रही है।
इस दौरान प्रदेश कार्यालय के बाहर राजधानी यादव के समर्थक हंगामा कर रहे हैं। बड़ी संख्या में राजधानी यादव के समर्थक वहां पहुंचे हुए हैं।
ये सभी राजधानी यादव जिंदाबाद का नारा लगा रहे हैं। उनका कहना है कि चतरा से सबसे बेहतर उम्मीदवार राजधानी यादव ही हो सकते हैं।
बताते चलें कि बीजेपी ने चतरा लोकसभा सीट से सुनील सिंह का टिकट काटकर इस बार कालीचरण सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है।
राजधानी यादव इससे नाराज बताये जा रहे हैं। पिछले दिनों खुद राजधानी यादव भी भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर धरना पर बैठ गए थे।
कालीचरण सिंह को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद विरोध तेज हुआ और रांची तक पहुंच गया।
इसे लेकर भाजपा के प्रदेश महामंत्री और अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी हस्तक्षेप करना पड़ा था।
भाजपा नेता राजधानी यादव लातेहार सदर प्रखंड के होटवाग गांव के रहने वाले हैं। पिछले 40 वर्षों से राजधानी भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हैं।
सामान्य कार्यकर्ता से लेकर प्रखंड अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष, लोकसभा प्रभारी समेत कई पदों पर रहकर राजधानी काम कर चुके हैं।
राजधानी यादव का कहना है कि भाजपा ने पार्टी के लिए समर्पित कार्यकर्ता को दरकिनार कर एक दल को बदल कर आने वाले व्यक्ति को अपना उम्मीदवार बनाया है।
इसे भी पढ़ें