रांची। केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रातू रोड में बन रहे एलिवेटेड कॉरिडोर का काम हर हाल में नवंबर तक पूरा करने का निर्देश अफसरों को दिया है।
उन्होंने निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के दौरान एनएचएआई के अधिकारियों से अभी तक हुए निर्माण और समस्याओं की जानकारी ली।
उन्हें बताया गया कि किशोरी यादव चौक से जाकिर हुसैन पार्क और पिस्कामोड़ से हेहल रूट में पिलर के ऊपर का काम चल रहा है। सर्ड के पास स्लोप और सर्विस रोड बनाया जा रहा है।
15 नवंबर को उद्घाटन का प्रयास
सेठ ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के मौके पर झारखंड का पहला एलिवेटेड कॉरिडोर रांची की जनता को समर्पित करना है। इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री से कराने का प्रयास होगा।
प्ले ग्राउंड बनायें
मंत्री ने एनएचएआई के अधिकारियों को कहा कि शहर में खेल का मैदान कम होता जा रहा है।
ऐसे में एलिवेटेड कॉरिडोर के दो पिलर के बीच करीब 31 मीटर की दूरी को प्ले ग्राउंड जैसा बनाएं, ताकि यहां बच्चों को वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कैरम सहित अन्य इनडोर गेम खेलने की सुविधा दी जा सके।
रात्रि में 9 से 11 बजे के बीच ओलंपिक संघ की देखरेख में खेल होंगे। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर के ऊपर और नीचे सोहराय पेंटिंग और ट्राइबल पेंटिंग की जाए, पिलर में हैंगिंग गार्डेन बनाएं और फ्लाईओवर व रोड के दोनों ओर कलरफुल लाइट लगाएं।
इसे भी पढ़ें
रांची में एक और फ्लाईओवर बनेगा, बूटी मोड़ से सीधे मेकन चौक पहुंचना होगा आसान