Venezuela explosions
कराकास/वॉशिंगटन, एजेंसियां। अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। वेनेजुएला की राजधानी कराकास में आधी रात के बाद कई जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं, जबकि लड़ाकू विमान बेहद कम ऊंचाई पर उड़ते नजर आए। इन घटनाओं के बाद पूरे शहर में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
वेनेजुएला सरकार का दावा
वेनेजुएला सरकार का दावा है कि अमेरिका ने सैन्य ऑपरेशन के तहत राजधानी कराकास और आसपास के इलाकों में हवाई हमले किए हैं। राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के मुताबिक, अमेरिकी कार्रवाई के बाद उन्होंने देश में राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा कर दी। वेनेजुएला के रक्षा मंत्री जनरल व्लादिमीर पैड्रिनो लोपेज ने इसे देश के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा अत्याचार बताया और कहा कि अमेरिका ने हमला जरूर किया है, लेकिन वेनेजुएला को झुका नहीं सकता। उन्होंने कहा कि देश शांति चाहता है, लेकिन जरूरत पड़ी तो आजादी के लिए संघर्ष करेगा।
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर वेनेजुएला के भीतर कई ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिनमें सैन्य ठिकाने भी शामिल बताए जा रहे हैं। ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिकी बलों ने राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में ले लिया है, हालांकि इस दावे को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
राष्ट्रपति निकोलस मादुरो का अमेरिका पर आरोप
वहीं, वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने अमेरिका पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह कथित सैन्य हमला देश के तेल और खनिज संसाधनों पर कब्जा जमाने की कोशिश का हिस्सा है। उन्होंने अमेरिका के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनका ड्रग तस्करी से कोई संबंध नहीं है। गौरतलब है कि ट्रंप प्रशासन लंबे समय से मादुरो सरकार पर ड्रग कार्टेल चलाने और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल होने का आरोप लगाता रहा है।
इस बीच, कराकास में धमाकों की खबरें ऐसे समय सामने आई हैं, जब अमेरिका ने कैरेबियन सागर में अपनी नौसेना की तैनाती बढ़ा दी है और वेनेजुएला के खिलाफ सैन्य दबाव लगातार बढ़ाया जा रहा है। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई ड्रग तस्करी के खिलाफ अभियान का हिस्सा है, जबकि वेनेजुएला इसे सीधे तौर पर अपने संप्रभुता पर हमला बता रहा है। अमेरिका और वेनेजुएला के बीच बढ़ते इस टकराव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता बढ़ा दी है।








