रांची। घुमने के शौकीन झारखंड, बंगाल एवं बिहार के लोगों के लिए खुशखबरी है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड दक्षिण भारत की यात्रा करा रहा है। इसके लिए मालदा रेलवे स्टेशन से भारत गौरव टूरिज्म स्पेशल ट्रेन 11 दिसंबर को खुलेगी। यह ट्रेन रांची समेत झारखंड के कई शहरों से होकर गुजरेगी।
यह जानकारी आइआरटीसी के मुख्य पर्यवेक्षक अमरनाथ मिश्र ने दी। वह शनिवार को पाकुड़ में पत्रकारों से बात कर रहे थे। मुख्य पर्यवेक्षक ने बताया कि भारत गौरव ट्रेन में तीन श्रेणियों में यात्री यात्रा कर सकेंगे।
ये हैं तीन श्रेणियां और उनका किराया
पहली बजट श्रेणी स्लीपर क्लास के लिए 22 हजार 750, दूसरे स्टैंडर्ड श्रेणी एसी थ्री के लिए 36 हजार 100 एवं कंफर्ट श्रेणी एसी थ्री के लिए 39 हजार 500 रुपये किराया रखा गया है।
उन्होंने बताया कि दक्षिण भारत की यात्रा में तीर्थ यात्रियों को तिरूपति, मिनाक्षी मंदिर, रामेश्वरम, कन्याकुमारी, त्रिवेंदरम एवं मल्लिकार्जुन ज्योर्तिलिंग के दर्शन करने का मौका मिलेगा।
सारी सुविधाएं देगा रेलवे
इसके साथ ही यात्रियों के लिए शाकाहारी भोजन, पानी, घूमने के लिए श्रेणी के हिसाब से बस की भी व्यवस्था रहेगी। कंफर्ट श्रेणी वालों को एसी रूम और एसी बस की सुविधा मिलेगी।
बुकिंग शुरू
कैटरिंग सहायक सौरभ कुमार ने बताया इसके लिए बुकिंग शुरू हो गई है। जो श्रद्धालु इस टूर पर जाना चाहते हैं, वह आईआरटीसी के वेबसाइट एवं अधिकृत एजेंट से बुकिंग करा सकते हैं। 11 दिसंबर को मालदा से खुलने के बाद यह ट्रेन फरक्का के बाद पाकुड़ पहुंचेगी।
ये है ट्रेन का रूट
11 दिसंबर को मालदा टाउन स्टेशन से चलेगी। न्यू फरक्का, पाकुड़, रामपुर हाट, दुमका, हसंडीहा, भागलपुर, सुल्तानगंज, जमालपुर, किऊल, जमुई, झाझा, जसीडीह, चितरंजन, धनबाद, बोकारो, रांची होते हुए जाएगी।
12 दिन का होगा सफर
11 रात और 12 दिन का सफर होगा। 22 दिसंबर को यह ट्रेन वापस होगी। यात्रा किराया में चाय-पानी, नाश्ता, इंश्योरेंस, हर कोच में सुरक्षा की व्यवस्था होगी। ट्रेन में श्रद्धालुओं का पूरा ख्याल रखा जाएगा।








