रांची में कंपकपा रही ठंड, 10 डिग्री तक गिरा पारा

2 Min Read

रांची। रांची में ठंड तेजी से बढ़ी है। मिचौंग तूफान के दौरान हो रही बारिश थमने और बादल छंटने के बाद हवा के रुख में आए बदलाव की वजह से अचानक कनकनी बढ़ी है। अब ठंड कंपकपाने लगी है।

सोमवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा। जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है।  शहर के अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य से नीचे आ गए हैं। न्यूनतम तापमान पिछले 24 घंटों की तुलना में 12.4 डिग्री से दो डिग्री नीचे गिरा। ऐसे में जल्द ही कड़ाके की ठंड पड़ेगी।

कांके का न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार राजधानी में अभी आसमान पूरी तरह साफ रहेगा। पश्चिमी दिशा से सर्द हवा रांची आ रही है। राजधानी की ओर सर्द हवा का रुख अभी बना रहेगा। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने का अनुमान है। आनेवाले पांच दिनों में रांची के तापमान में दो से तीन डिग्री की और गिरावट आ सकती है।

अगले पांच दिनों के दौरान रांची का अधिकतम तापमान 21.0 और न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री तक रह सकता है। मंगलवार की सुबह हल्का कोहरा था, लेकिन धूप आने के बाद यह हल्के हो जाएंगे। कांके का न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं मैकलुस्कीगंज की बात करें तो न्यूनतम पारा सुबह में पांच डिग्री रहा।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं