PM मोदी ने बाइडेन को घी-नमक, फर्स्ट लेडी को डायमंड गिफ्ट किया

3 Min Read

बाइडन ने व्हाइट हाउस में प्राइवेट डिनर के बाद मोदी को एंटीक कैमरा गिफ्ट किया

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका दौरे पर हैं। दूसरे दिन बुधवार को रात करीब 9 बजे (अमेरिकी समय के मुताबिक) वे प्राइवेट डिनर के लिए व्हाइट हाउस पहुंचे। यहां राष्ट्रपति बाइडेन और फर्स्ट लेडी ने उनका स्वागत किया। डिनर में भारत के नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर अजीत डोभाल और अमेरिका के NSA जेक सुलिवन भी मौजूद रहे। डिनर में मेन्यू में बाइडेन के पसंदीदा पास्ता और आइसक्रीम को शामिल किया गया।

इस मौके पर PM मोदी ने अमेरिका की फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन को 7.5 कैरेट का इको-फ्रेंडली ग्रीन डायमंड गिफ्ट किया। वहीं, राष्ट्रपति बाइडेन को ’10 प्रिंसिपल्स ऑफ उपनिषद’ किताब के फर्स्ट एडिशन के साथ ही मैसूर के चंदन से बना एक खास बॉक्स गिफ्ट किया, जिसे जयपुर के कारीगरों ने बनाया है। इस बॉक्स के अंदर भगवान गणेश की एक मूर्ति और एक दिये के साथ छोटी-छोटी डिब्बियों में 10 गिफ्ट्स हैं।

डिबिया में 10 गिफ्ट्स

इनमें पंजाब का घी, राजस्थान का हाथ से बनाया हुआ 24 कैरेट हॉलमार्क वाला सोने का सिक्का, महाराष्ट्र का गुड़, उत्तराखंड का चावल, तमिलनाडु का तिल, कर्नाटक के मैसूर के चंदन का टुकड़ा, पश्चिम बंगाल के कुशल कारीगरों का बनाया हुआ चांदी का नारियल, गुजरात का नमक, राजस्थानी कारीगरों का बनाया 99.5% शुद्ध चांदी का सिक्का है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने भी दिया गिफ्ट

अमरिका के राष्ट्रपति ने PM मोदी को 20वीं सदी की एक बुक गैले, विंटेज अमेरिकी कैमरा, अमेरिकी वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी से जुड़ी एक किताब और रॉबर्ट फ्रॉस्ट की संग्रहित कविताओं के पहले संस्करण की कॉपी गिफ्ट की।

अमेरिकी एयरफोर्स ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया

इससे पहले अमेरिका दौरे के दूसरे दिन PM मोदी वॉशिंगटन पहुंचे। भारतीय समय के मुताबिक, बुधवार रात करीब 12:00 बजे जॉइंट बेस एंड्रयूज पर मोदी का स्वागत फ्लाइट लाइन सेरेमनी के साथ किया गया। इस दौरान अमेरिकी एयरफोर्स ने दोनों देशों के राष्ट्रगान की धुन बजाई। PM मोदी को अमेरिका के चीफ प्रोटोकॉल ऑफिसर रूफस गिफर्ड ने रिसीव किया। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं