कोडरमा में सीएम ने विपक्ष पर कसा तंज
कोडरमा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि हमारी सरकार गूंगी-बहरी नहीं है। हमारी सरकार सबकी सुनती है। राज्य सरकार की जिम्मेदारी है लोगों की सेवा करना, उनका विकास करना। मंगलवार को सीएम कोडरमा में थे। यहां बागीटांड स्टेडियम में आपके द्वार सरकार कार्यक्रम को उन्होंने संबोधित किया।
हर गांव के बुजुर्ग को मिलता है पेंशन
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सीना ठोककर कह सकते हैं कि आज हर बुजुर्ग, दिव्यांग और विधवा को पेंशन मिल रहा है। पहले विधवा होने पर 40 साल की उम्र के बाद पेंशन मिलता था। अब विधवा होते ही पेंशन मिलने लगता है। आज किसी भी गांव में 60 साल का व्यक्ति बिना पेंशन का नहीं मिलेगा।
हर किसी के लिए योजना बनाई है
सीएम ने आगे कहा कि डबल इंजन की सरकार में लोग भूख से बिलखते थे, आपकी सरकार बनने के बाद 20 लाख अतिरिक्त बीपीएल कार्ड बनाने का काम किया। हर वर्ग के लिए हम लोगों ने योजना बनाई है। स्वरोजगार के क्षेत्र में ग्रामीण व युवाओं को निराशा हाथ लगी, तो मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना कुछ भी व्यवसाय के लिए धन उपलब्ध कराएगी।
महिलाओं से लिया आवेदन
कार्यक्रम के दौरान मंच के आगे सीएम ने नारे लगा रही महिलाओं से आवेदन लेकर लाने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गूंगों बहरों की सरकार नहीं है यह सरकार सबकी सुनती है। सबके आवेदन पर निश्चित ही कार्रवाई की जायेगी।







