भाजपा वाले पुरानी चीजों को खत्म करने और अपनी वाहवाही में लगे हैं : नीतीश कुमार

IDTV Indradhanush
3 Min Read

पटना : दिल्ली में कांग्रेस, आप और वाम दलों के नेताओं से बातचीत कर पटना लौटने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूरे जोश में हैं। नीतीश कुमार ने शुक्रवार को कहा कि  2024 के लोकसभा चुनाव मे भाजपा से लड़ने के लिए हम पूरी तरह से तैयार हैं। वह यहां जदयू के प्रदेश कार्यालय में आंबेडकर जयंती समारोह में बोल रहे थे। देश का नेता कैसा होगा..नीतीश कुमार जैसा होगा। देश का पीएम कैसा हो…नीतीश कुमार जैसा हो। नारेबाजी के बीच उन्होंने कहा कि कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दल के नेता सहमत हैं। परसों भी बात हुई है। सब लोग तैयार हैं। विपक्षी दल के नेता एक साथ बैठ जायेंगे, इसके बाद तय  जायेगा। लगे हाथ उन्होंने यह भी ऐलान कर दिया कि जब सब कुछ तय हो जायेगा तो पूरे देश का दौरा करेंगे।

खाली प्रचार में लगे हैं

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजकल दिल्ली में जिनका राज है, वह कोई काम कर रहे हैं? वह खाली प्रचार में लगे हैं। वो इतिहास बदलने में लगे हैं। पुरानी चीजों को खत्म करते चले जा रहे हैं। उनको आजादी की लड़ाई से मतलब था? कोई मतलब नहीं था। आजकल कुछ-कुछ बोलते हैं। नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव का बचाव करते हुए कहा कि जब वे हमारे साथ आ गए तो फिर से केस करा दिया। यह लोग विपक्षी लोगों को परेशान करते हैं। विभिन्न राज्यों के लोगों को परेशान करते हैं। भाजपा वाले ऐसे ही लोग हैं। अब तो हम लग गए हैं।

भाजपा को वोट मत करें

सात महीना पहले भी हमने विपक्षी पार्टियों से बात की थी। नीतीश कुमार ने आह्वान किया कि भाजपा को वोट मत करें। अगर भाजपा को वोट करेंगे तो अपना नाश होगा और जो इनके खिलाफ वोट देगा, वो अपना भी विकास करेगा और राज्य एवं देश के विकास के विकास में अपना योगदान करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले आज पुरानी चीजों को खत्म करने और सिर्फ अपनी वाहवाही मे लगे हैं। नीतीश कुमार ने कहा कि केंद्र को कह रहे थे कि हमें विशेष राज्य का दर्जा दो। लेकिन नहीं ना दे रहा है। हम लोग तो अपने ढंग से काम कर रहे हैं।

मोदी-शाह पर हमला बोलते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि इनके पहले वाले जो नेता (अटलजी) थे उनको भी नहीं मान रहे। अटल जी हम को कितना मानते थे। आज सिर्फ दो लोगों की बात हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर सबलोग मिल जुलकर आगे नहीं बढेगा तो देश पर खतरा बढ जाएगा। नीतीश ने सभी से आग्रह किया कि पीएम के लिए मेरा नाम नहीं लीजिए। ऐसा करने सब कुछ गड़बड़ा जायेगा। इसलिए मेरा नाम व्यक्तिगत रूप से कभी नहीं लीजिए। सबलोग एकजुट होकर आगे लड़ेगें तो सबकुछ ठीक हो जायेगा।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं