रांची। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को हेमंत सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा कि आपका मुख्यमंत्री भ्रष्ट है। ये बात मैं दावे के साथ बोल रहा हूं। किसी में हिम्मत है तो मेरी बातों को टाल कर दिखाए। नड्डा हरमू मैदान में आयोजित संकल्प यात्रा जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि लैंड, सैंड और लिकर की लूट अपने संरक्षण में हेमंत सरकार करा रही है। ये पहला सीएम हैं, जो खुद लैंड घोटाला कर रहे हैं। अपने माँ-पिता का नाम तक बदल कर जमीन हथियाई। अर्जुन मुंडा, बाबूलाल मरांडी और रघुवर दास की सरकार में झारखंड में चहुंओर काम हो रहा था। जब से ये सरकार बनी है चारो तरफ सिर्फ लूट मची है।
वोट के लिए धर्मांतरण को समर्थन
नड्डा ने कहा कि हेमंत सोरेन को जनजातियों की चिंता नहीं है। राज्य में धर्मांतरण का खेल जारी है। यह सब जानते हैं, लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन धर्मांतरण पर अपनी आंखें मूंद रखे हैं। उन्हें जनजातियों से कोई लेना देना नहीं है। सिर्फ वोट से मतलब है।
विकास के लिए भाजपा की सरकार जरूरी
उन्होंने कहा कि झारखंड में विकास चाहते हैं, तो भाजपा की सरकार बनाएं। अगर आप चाहते हैं कि यहां प्रधानमंत्री आवास और इज्जत घर आम लोगों के लिए बने, तो जरूरी है राज्य में भाजपा की सरकार हो। भाजपा की सरकार आते ही यहां लूटने वाली सिस्टम बंद हो जाएगा। जनता के लिए काम होगा।







