झामुमो ने निर्वाचन आयोग से गांडेय सीट पर उपचुनाव कराने की मांग की

1 Min Read

रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने निर्वाचन आयोग से गांडेय विधानसभा उप चुनाव कराने की मांग की है। झारखंड में जारी सियासी सरगर्मी के बीच शुक्रवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने गांडेय विधानसभा सीट पर 6 माह में उपचुनाव कराने की मांग की।  

साथ ही झामुमो ने आयोग को सुप्रीम कोर्ट के आदेश की एक प्रति भी सौंपी है। सुप्रीम कोर्ट में प्रमोद लक्ष्मण गुडाधे बनाम केंद्रीय निर्वाचन आयोग एवं अन्य का हवाला देकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने गांडेय विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराने की मांग की है।

प्रतिनिधिमंडल में झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य, प्रवक्ता विनोद पांडेय, विधायक नलिन सोरेन और भूषण तिर्की शामिल थे। बता दें कि 31 दिसंबर 2023 को गांडेय सीट से झामुमो विधायक सरफराज अहमद ने इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने कहा था कि पार्टी और राज्यहित में उन्होंने इस्तीफा दिया है।

इसे भी पढ़ें

झारखंड में लोकसभा की सीटों पर इंडिया गठबंधन के घटक दलों का डांडिया

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं