रांची में सबसे अधिक साइबर क्राइम

2 Min Read

रांची। सीआईडी द्वारा लांच किया गया ‘प्रतिबिंब’ ऐप साइबर अपराधियों के लिए काल साबित हो रहा है। इसके माध्यम से साइबर ठगी करनेवालों का रियल टाइम लोकेशन ट्रेस कर लगातार गिरफ्तारी की जा रही है।

सीआईडी डीजी अनुराग गुप्ता ने बताया कि ‘प्रतिबिंब’ ऐप की मदद से 20 दिनों (7 से 27 नवंबर) में देवघर, गिरिडीह और अन्य जिलों में 21 साइबर अपराधियों को पकड़ा गया है। उनके पास से मोबाइल फोन, कंप्यूटर, फर्जी सिम कार्ड, एटीएम कार्ड व पासबुक बरामद हुए हैं।

पिछले दिनों साइबर क्राइम रोकने के लिए झारखंड सहित देश के छह राज्यों की पुलिस के लिए रांची में एक वर्कशॉप का आयोजन किया गया था। वर्कशॉप में पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार और यूपी के पुलिस अफसरों के साथ ईडी, सीबीआई, डीओटी, डीआईबी और आरबीआई के अफसर शामिल हुए थे।

आज देश के विभिन्न राज्यों में रोजाना ढाई से तीन हजार साइबर अपराधी सक्रिय रहते हैं। सीआईडी ‘प्रतिबिंब’ ऐप के माध्यम से दूसरे राज्यों की पुलिस को भी साइबर अपराधियों को ट्रैक करने की सुविधा उपलब्ध करा रहा है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन काम करनेवाले इंडियन साइबर क्राइम को-ऑर्डिनेशन सेंटर ने देश के विभिन्न राज्यों में साइबर अपराध में प्रयुक्त मोबाइल नंबर को हासिल कर ऐप के जरिए साइबर अपराधियों को ट्रैक करने के लिए ट्रायल के रूप में सीआईडी को उपलब्ध कराया था, जो अब बेहद कारगर साबित हो रहा है।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं