रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस्तीफा नहीं देने जा रहे हैं। उनककी सरकार कार्यकाल पूरा करेगी। यह कहना है गठबंधन में शामिल दलों के विधायकों का। बुधवार की शाम सीएम आवास में गठबंधन दल की बैठक से निकलनेवाले विधायकों ने साफ कहा कि यह सरकार कार्यकाल पूरा करेगी। बाहर जिसे कयास लगाना है लगाता रहे।
बैठक से सबसे पहले प्रदीप यादव बाहर निकले। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन आज भी मुख्यमंत्री हैं आगे भी मुख्यमंत्री रहेंगे। वहीं, बैठक से निकल रहे कांग्रेस विधायक अनूप सिंह ने कहा कि हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री हैं और अपना कार्यकाल पूरा करेंगे। निकले मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि तू डाल डाल तो हम पात पात। हमारी सरकार कार्यकाल पूरा करेगी। 2025 में भी हम सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि बैठक में विधायकों ने मिठाई खायी। विकास योजनाओं को जमीन पर मजबूती से उतारने पर चर्चा हुई। किसी भी परिस्थिति का मजबूती से मुकाबला किया जाएगा।
विधायक इरफान अंसारी ने कहा कि कोई नेतृत्व परिवर्तन नहीं हो रहा है। बीजेपी प्रोपगेंडा फैला रही है। कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री आवास पर सत्ताधारी दलों के विधायक दल की बैठक के शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने विधायकों को यह साफ-साफ कह दिया कि सोशल मीडिया और अखबारों की खबरों पर ध्यान न दें। मैं किसी भी कीमत पर इस्तीफा नहीं देने जा रहा हूं।
बैठक में मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा हुई। बैठक में स्टीफन मरांडी, जोबा मांझी, दीपक बिरूआ, बेबी देवी, मिथिलेश ठाकुर, भूषण बाड़ा, समीर मोहंती, राजेश कच्छप, अनुप सिंह, गांडे से अपनी सदस्यता से इस्तीफा दे चुके सरफराज अहमद भी शामिल रहे।
वहीं झामुमो विधायक लोबिन हेम्ब्रम और चमरा लिंडा बैठक में नहीं पहुंचे। सत्तारूढ़ दल की बैठक में कांग्रेस के सभी विधायक शामिल हुए। विधायक दीपिका पांडेय और पूर्णिमा नीरज सिंह निजी कारणों से नहीं आ सकीं। दीपिका पांडेय के पिता का निधन हो गया है, वहीं पूर्णिमा नीरज सिंह आउट ऑफ स्टेशन हैं। दोनों ने लिखित में यह जानकारी पहले ही दे दी थी।
इसे भी पढ़ें








