I.N.D.I.A. की बैठक में शामिल नहीं होंगे हेमंत सोरेन, जानिये क्यों

2 Min Read

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को नई दिल्ली में होने वाली I.N.D.I.A. की बैठक में शामिल नहीं होंगे।  उनके बैठक में शामिल नहीं होने की वजह व्यस्तता बतायी जा रही है। झारखंड में विधानसभा का शीतकालीन सत्र भी चल रहा है।

इसके अलावा वे लगातार जिलों का दौरा कर रहे हैं। मंगलवार को उनका गुमला जाने का कार्यक्रम है। यही कारण है कि उन्होंने बैठक में शामिल होने में असमर्थता जताई है। उनके स्थान पर बैठक में झामुमो के राजमहल के सांसद विजय हांसदा, राज्यसभा सदस्य महुआ माजी और झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य बैठक में शामिल होंगे।

कई मुद्दों पर होगी चर्चा

इस बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव में सीट शेयरिंग के फार्मूले पर चर्चा होने की उम्मीद है। लोकसभा चुनाव में झामुमो की दावेदारी आठ सीटों पर है। झामुमो ने सहयोगी दल कांग्रेस पार्टी पर इसके लिए दबाव बनाया है। मोर्चा ने पुराने फार्मूले को नकारते हुए कहा है कि नए सिरे से सीट बंटवारे पर निर्णय होना चाहिए।

विधानसभा चुनाव के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा सबसे बड़े दल के रूप में उभरा है। ऐसे में सीटों का निर्धारण भी उसी हिसाब से होना चाहिए। मोर्चा ने खुद को गठबंधन का बड़ा भाई बताते हुए इसके स्पष्ट संकेत दिए हैं कि सीटों के बंटवारे पर वह ज्यादा नहीं झुकने वाला।

पिछली बैठक हो गई थी स्थगित

दिसंबर महीने में I.N.D.I.A. गठबंधन की बैठक दूसरी बार बुलायी गई है। पहली बैठक 6 दिसंबर को होनी थी, जो अंतिम समय में स्थगित कर दी गई थी। इसका कारण कई नेताओं की व्यस्तता बतायी गयी थी। बता दें कि इंडिया गठबंधन में हेमंत सोरेन को समन्वयक की जिम्मेदारी दी गई है। इस बार की बैठक में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव और आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव भी आनेवाले हैं।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं