रांची। झारखंड में शीतलहर का प्रकोप जारी है। उत्तर भारत में बर्फबारी और ठंडी हवाओं के चलने से झारखंड के कई जिलों में पारा गिरता ही जा रहा है। अगले एक-दो दिनों में मौसम में बदलाव आने की संभावना है। रांची समेत राज्य के कई जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है।
रांची के न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। वहीं कांके का न्यूनतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की कमी आई। यहां का न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार रांची का अधिकतम तापमान 20 दिसंबर को पिछले साल की तुलना में 3 डिग्री नीचे रहा।
झारखंड के पलामू, चतरा और इसके पश्चिमी भागों में भी ठंड का कहर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक रांची समेत पूरे झारखंड में मौसम बदल रहा है। आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे, इसके बावजूद मौसम शुष्क रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में कमी से रात की कनकनी कुछ कम नहीं होगी।
लेकिन बादल छंटते ही सर्द हवा झारखंड को और सिहराएगी। अगले चार-पांच दिनों तक आसमान में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। इससे रात के तापमान में एक से तीन डिग्री की वृद्धि हो सकती है। दिन के अधिकतम तापमान में कमी आ सकती है। बादल छंटने के बाद सर्द हवा की कनकनी सिहरन पैदा करेगी।





