Patrol vessel launched: समंदर में बढ़ेगी कोस्टगार्ड की ताकत, लॉन्च हुआ अगली पीढ़ी का पहला पेट्रोल वेसल

2 Min Read

Patrol vessel launched:

नई दिल्ली, एजेंसियां। भारतीय तटरक्षक बल (ICG) की समुद्री ताकत को नया आयाम देने के लिए भारत ने अगली पीढ़ी के पहले ऑफशोर पेट्रोल वेसल (Next Generation Offshore Patrol Vessel – NGOPV) का निर्माण शुरू कर दिया है। इस वेसल का कील लेइंग समारोह 22 जुलाई को मुंबई स्थित मजगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (MDL) में संपन्न हुआ। इस जहाज को यार्ड-16401 नाम दिया गया है, जो कि कुल 6 NGOPVs में से पहला है। इस परियोजना का अनुबंध 20 दिसंबर 2023 को हुआ था।

समारोह की अध्यक्षता

समारोह की अध्यक्षता डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल आर.एच. नंदोडकर ने की, जिसमें MDL के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (शिप बिल्डिंग) ए. विनोद समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। यह नया वेसल पूरी तरह से स्वदेशी डिज़ाइन और तकनीक पर आधारित है, जिससे ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को बढ़ावा मिलेगा।

यह वेसल 117 मीटर लंबा होगा

यह वेसल 117 मीटर लंबा होगा और इसमें 11 अधिकारी व 110 नौसैनिकों की तैनाती संभव होगी। इसकी सबसे बड़ी विशेषता इसकी 5,000 नॉटिकल मील की ऑपरेशनल रेंज और अधिकतम 23 नॉट की गति है। जहाज को अत्याधुनिक उपकरणों से लैस किया जाएगा जिनमें AI बेस्ड मेंटेनेंस सिस्टम, रिमोट पायलटेड ड्रोन, इंटीग्रेटेड ब्रिज सिस्टम (IBS) और इंटीग्रेटेड प्लेटफॉर्म मैनेजमेंट सिस्टम (IPMS) शामिल हैं।

इस परियोजना के पूरा होने के बाद

इस परियोजना के पूरा होने के बाद भारतीय तटरक्षक बल को समुद्री निगरानी, बचाव और गश्त अभियानों में अत्यधिक ताकत मिलेगी। भारत की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा मजबूत होगी और रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता की दिशा में यह एक अहम कदम साबित होगा। NGOPV श्रृंखला भारत की सामरिक क्षमताओं में निर्णायक इजाफा करेगी।

इसे भी पढ़ें

देश की पहली मिडगेट Arowana पनडुब्बी तैयार


Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं