भाजपा विधायकों ने राज्यपाल से की हेमंत सरकार की शिकायत

2 Min Read

रांची। भाजपा विधायकों ने मंगलवार की शाम राजभवन पहुंच कर राज्यपाल से हेमंत सोरेन सरकार की शिकायत की। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा विधायकों के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की।

भाजपा विधायकों ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है।  भ्रष्टाचार चरम पर है और राज्य संवैधानिक संकट के दौर से गुजर रहा है। राज्य में आए दिन, हत्या, लूट, अपहरण, बलात्कार, चोरी, डकैती की घटनाएं हो रही हैं। ये खबरें अखबारों की सुर्खियां बनी हुई हैं।

खान, खनिज, बालू, पत्थर, जमीन की लूट के साथ अब तो झारखंड देश के सबसे बड़े कैश कांड का गवाह बन गया है।  इस दौरान भाजपा विधायकों ने विधानसभा में 2 विधायकों के निलंबन का भी मामला राज्यपाल के सामने रखा।

भाजपा ने राज्यपाल से कहा कि अब तो मुख्यमंत्री ने सभी संवैधानिक मर्यादाओं को ठेंगा दिखा दिया है। ईडी उनसे पूछताछ के लिए अबतक 6 समन भेज चुकी है, लेकिन वे पूछताछ से लगातार भाग रहे हैं। जांच एजेंसियों के खिलाफ रोज-रोज मुख्यमंत्री के दिये गये बयानों से संवैधानिक मर्यादाएं तार-तार हो रही है।

अगर राज्य का मुख्यमंत्री कानून का खुल्लम-खुल्ला उल्लंघन करने लगे तो फिर आम जनता से कानून पालन करने की बात यह सरकार कैसे कर सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य के संवैधानिक प्रमुख होने के नाते राज्यपाल अविलंब इन मामलों पर विधिसम्मत कार्रवाई करें।

प्रतिनिधिमंडल में ये थे शामिल

प्रतिनिधिमंडल में बाबूलाल मरांडी के साथ नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, विधायक सीपी सिंह, बिरंची नारायण, जेपी पटेल, नवीन जायसवाल, अनंत कुमार ओझा, कोचे मुंडा, केदार हाजरा, भानु प्रताप शाही, नीरा यादव, राज सिन्हा, नारायण दास, अमित मंडल, ढुल्लू महतो, आलोक चौरसिया, मनीष जायसवाल, समरी लाल, अपर्णा सेनगुप्ता, शशि भूषण मेहता, किशुन कुमार दास और पुष्पा देवी शामिल थे।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं