रांची। झारखंड में 12 जनवरी से होनेवाली सहायक आचार्य नियुक्ति परीक्षा स्थगित हो गई है। कहा जा रहा है कि अब यह परीक्षा 10 फरवरी होगी। जेएसएससी इसकी तैयारी में लग गया है।
पिछले साल जुलाई में निकला था विज्ञापन
बता दें कि इस नियुक्ति के लिए 19 जुलाई 2023 को विज्ञापन जारी हुआ था। 8 अगस्त से 7 सितंबर 2023 तक आवेदन लिया गया था। करीब एक लाख अभ्यर्थियों ने स परीक्षा के लिए आवेदन किया है। इस बीच झारखंड हाईकोर्ट के आदेश आ जाने से जेएसएससी ने परीक्षा स्थगित कर दी है।
26001 पदों पर होनी है नियुक्ति
झारखंड में सहायक आचार्य के 26001 पदों पर नियुक्ति होनी है। मामले में हाईकोर्ट ने कहा है कि राज्य में नियमित रूप से शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी जेट नहीं हुई है। ऐसे में राज्य के वैसे उम्मीदवार जिनके पास केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) या किसी दूसरे राज्य की शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की योग्यता है तो वे भी आवेदन कर सकते हैं।
फिर से लिया जायेगा आवेदन
हाईकोर्ट के आदेश के बाद जेएसएससी अब एक बार फिर विज्ञापन निकालेगा। इसकी सूचना इसी सप्ताह जारी होगी। इसमें केवल वही उम्मीदवार आवेदन करेंगे, जिनके पास सीटेट या दूसरे राज्य की शिक्षक पात्रता परीक्षा पास करने की योग्यता होगी। ऐसे उम्मीदवारों का झारखंड का निवासी होना जरूरी है।
इसे भी पढ़ें








