रांची। झारखंड एकेडमिक काउंसिल यानी जैक ने 11वीं बोर्ड की परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। यह परीक्षा 20 से 22 मई तक दो सिटिंग में होगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10:46 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। जबकि सेकेंड सिटिंग की परीक्षा दोपहर दो बजे से शुरू होगी। इस परीक्षा में करीब 3.50 लाख स्टूडेंट्स शामिल होंगे।
इस परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 13 मई से जैक की वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकेगा। जैक ने स्कूलों को एडमिट कार्ड डाउनलोड कर छात्रों के बीच बांटने को कहा है।
5 में से 4 विषयों में पास होना जरूरीः
जैक ने कहा है कि 5 विषयों की परीक्षा ओएमआर शीट पर ली जाएगी। परीक्षा में पास होने के लिए पांच में से चार विषयों में पास होना जरूरी है। प्रत्येक विषय में 40 अंक के एमसीक्यू टाइप के प्रश्न पूछे जाएंगे।
स्कूल स्तर पर भी आंतरिक मूल्यांकन होगा, जिसके लिए 10 अंक निर्धारित है। बताते चलें कि 8वीं 9वीं, 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षा हो चुकी है।
मार्च में होनी थी परीक्षाः
जैक ने पहले छह से आठ मार्च तक यह परीक्षा लेने की घोषणा की थी। लेकिन, जैक अध्यक्ष का पद 18 जनवरी से खाली हो गया था। इस वजह से तय समय पर यह परीक्षा नहीं हो पाई और इसे स्थगित कर दिया गया था।
अब इस परीक्षा के आयोजन की घोषणा की गई है। इधर, राज्य के निजी स्कूलों में 12वीं की पढ़ाई भी शुरू हो गई है।
इसे भी पढ़ें
झारखंड बोर्ड 10वीं और 12वीं का रिजल्ट अप्रैल में जारी होने की संभावना






