Vande Bharat
रांची। भारतीय रेल जल्द ही वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की शुरुआत करने जा रही है। इस ट्रेन में सिर्फ कंफर्म टिकट ही बुक होंगे। रेलवे ने इस ट्रेन के लिए वेटिंग और आरएसी का झंझट खत्म करते हुए तय किराये की सूची जारी कर दी है। देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 16 कोच वाली होगी।
17 जनवरी को पीएम मोदी दिखायेंगे हरी झंडी
रेल मंत्रालय के अनुसार, 17 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखा सकते हैं। पहला रूट हावड़ा (कोलकाता) से गुवाहाटी (कामाख्या) होगा जो पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत को जोड़ेगा और तेज, आरामदायक कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।
महिला, दिव्यांग बुजुर्गों व रेल कर्मियों के लिए कोटा
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में भी अन्य ट्रेनों की तरह महिलाओं, दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए कोटा होगा।
साथ ही रेलवे कर्मचारियों के लिए ड्यूटी पास कोटा भी होगा। ट्रेन इमरजेंसी टाक-बैक, सीसीटीवी और आधुनिक सैनिटेशन टेक्नोलॉजी जैसी सुविधाएं लैस होगी। टिकट रद्द होने की स्थिति में 24 घंटे के भीतर रिफंड प्रक्रिया शुरू करने के लिए डिजिटल भुगतान को प्राथमिकता दी जाएगी। विंडो टिकट के मामलों में भी डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए हैं।
हावड़ा से कामाख्या का एसी का किराया 2,299 रुपये
किराये की बात करें तो ये यह ट्रेन राजधानी एक्सप्रेस से थोड़ी महंगी होगी। हालांकि, थर्ड एसी का किराया राजधानी से कम रखा गया है। वंदे भारत स्लीपर में थर्ड एसी श्रेणी में हावड़ा से कामाख्या का किराया 2,299 रुपये निर्धारित किया गया है।
वहीं, हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए 1,334 रुपये और हावड़ा से मालदा टाउन के लिए 960 रुपये किराया देना होगा।
सेकेंड एसी श्रेणी में हावड़ा से कामाख्या का किराया 2,970 रुपये होगा। इसी श्रेणी में हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए 1,724 रुपये तथा हावड़ा से मालदा टाउन के लिए 1,240 रुपये किराया तय किया गया है।
फर्स्ट एसी श्रेणी में हावड़ा से कामाख्या का किराया 3,640 रुपये होगा, जबकि हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए 2,113 रुपये और हावड़ा से मालदा टाउन के लिए 1,520 रुपये चुकाने होंगे।
कामाख्या से मालदा टाउन के बीच थर्ड एसी श्रेणी में किराया 1,522 रुपये, सेकंड एसी श्रेणी में 1965 रुपये और फर्स्ट एसी श्रेणी में 2,409 रुपये निर्धारित किया गया है।
वहीं, कामाख्या से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच तृतीय वातानुकूलित श्रेणी का किराया 962 रुपये, द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी का 1243 रुपये और प्रथम वातानुकूलित श्रेणी का 1524 रुपये होगा।
5 प्रतिशत जीएसटी देना होगा
इसके अलावा यात्रियों को टिकट पर पांच प्रतिशत जीएसटी का भी भुगतान करना होगा। भारतीय रेल की इस प्रीमियम वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में किराया निर्धारण के लिए न्यूनतम दूरी 400 किलोमीटर तय की गई है।








