Amrit Bharat trains: झारखंड के रेल यात्रियों को मिलेंगी दो नई अमृत भारत ट्रेन

2 Min Read

Amrit Bharat trains

रांची। झारखंड के रेल यात्रियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी सौगात दी है। केंद्रीय रेल बजट 2026 में झारखंड को दो नई अमृत भारत ट्रेन देने की घोषणा की गई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी कि इनमें से एक अमृत भारत एक्सप्रेस जल्द ही धनबाद–कोयंबटूर रूट पर शुरू की जाएगी, जिससे लंबी दूरी की यात्रा और भी सुविधाजनक हो जाएगी।

धनबाद–कोयंबटूर रूट पर चलेगी अमृत भारत ट्रेन

धनबाद से कोयंबटूर के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस गोमो, गया, डीडीयू जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, जबलपुर, गोंदिया, विजयवाड़ा, पेरम्बूर और काटपाड़ी होते हुए कोयंबटूर पहुंचेगी। इस ट्रेन से यात्रा समय में कमी आएगी और यात्रियों को कम किराए में आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। अमृत भारत ट्रेनों का उद्देश्य आम यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक रेल सेवा उपलब्ध कराना है।

झारखंड को मिला 7,536 करोड़ रुपये का रेल बजट

रेल मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026 के लिए झारखंड को 7,536 करोड़ रुपये का रेल बजट आवंटित किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2009 से 2014 के बीच झारखंड को औसतन 457 करोड़ रुपये मिलते थे, जबकि अब यह राशि करीब 16 गुना बढ़ चुकी है।

रेल बजट से होंगे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य

रेल बजट के तहत झारखंड में इस समय करीब 63,470 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे से जुड़े कई आधारभूत संरचना कार्य चल रहे हैं। इनमें नए रेल ट्रैक का निर्माण, ट्रैक डबलिंग, स्टेशन पुनर्विकास, स्टेशन विकास और अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’ को लागू करना शामिल है।

रेल मंत्री के अनुसार, इन परियोजनाओं के पूरा होने से झारखंड में रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रियों को सुरक्षित व आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।

Share This Article