पोदानूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस की शुरुआत, दक्षिण भारत से झारखंड की सीधी कनेक्टिविटी

4 Min Read

Amrit Bharat Express launched

रांची। पोदानूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस की आज यानी 11 मार्च को पीएम मोदी शुरुआत करने जा रहे हैं। ये ट्रेन साप्ताहिक होगी। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली से कई नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे, जो दक्षिण भारत की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई पर ले जाएंगी। इस दौरान दो अमृत भारत एक्सप्रेस, दो एक्सप्रेस ट्रेनें और एक पैसेंजर ट्रेन शुरू होंगी। साथ ही केरल के एर्णाकुलम से एक पैसेंजर ट्रेन भी शुरू होगी। ये सेवाएं तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा और झारखंड के लाखों यात्रियों को लाभ पहुंचाएंगी।

पोदानूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस आज से शुरू

तमिलनाडु का प्रमुख औद्योगिक शहर कोयंबटूर अब पूर्वी भारत के कोयला और इस्पात क्षेत्र से सीधे जुड़ जाएगा। पोदानूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस साप्ताहिक सेवा होगी, जो हर शनिवार सुबह पोदानूर से रवाना होकर सोमवार तड़के धनबाद पहुंचेगी। वापसी सोमवार को धनबाद से होगी। रास्ते में सलेम, रेनिगुंटा, विजयवाड़ा, झारसुगुड़ा और रांची जैसे प्रमुख स्टेशन होंगे।

अमृत भारत एक्सप्रेस से घट जाएगी दूरी

कोयंबटूर और तिरुप्पुर के लाखों प्रवासी मजदूर जिनका परिवार झारखंड, ओडिशा और बिहार में है, अब बिना ट्रेन बदले घर जा सकेंगे। पहले चेन्नई या विजयवाड़ा में बदलाव की वजह से सफर में एक पूरा दिन अतिरिक्त लगता था। यह ट्रेन किफायती किराए वाली, बिना डायनामिक फेयर वाली, स्लीपर और जनरल क्लास पर फोकस वाली है। दिव्यांगजनों के लिए दो विशेष कोच भी हैं। यह ट्रेन ‘अंत्योदय’ की भावना को साकार करती है, जहां आम मजदूर को भी प्रीमियम जैसा अनुभव मिलेगा।

भारत के दक्षिण छोर को जोड़ेगी ट्रेन

भारत के सबसे दक्षिणी छोर कन्याकुमारी और नागरकोइल क्षेत्र अब तेलंगाना के चारलापल्ली से सीधे जुड़ जाएगा। यह अमृत भारत एक्सप्रेस तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के 20 से अधिक जिलों से होकर गुजरेगी। विद्यार्थी, कामगार और परिवार अब बिना बदलाव के सफर कर सकेंगे। यह सेवा उन क्षेत्रों के लिए ऐतिहासिक है, जो लंबे समय से रेल कनेक्टिविटी के अभाव में थे।

पोदानूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस जुड़ी बड़ी बाते

ट्रेन नंबर 16619 पोदनूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस हर शनिवार सुबह 06:15 बजे पोदनूर से चलेगी
झारसुगुडा और राउरकेला होते हुए सोमवार सुबह 04:00 बजे धनबाद पहुंचेगी
ट्रेन नंबर 16620 धनबाद-पोदनूर अमृत भारत एक्सप्रेस हर सोमवार दोपहर 02:00 बजे धनबाद से रवाना होगी
राउरकेला स्टेशन रात 09:26 बजे, झारसुगुडा स्टेशन रात 11:28 बजे और बुधवार सुबह 11:20 बजे पोदनूर पहुंचेगी
दक्षिण भारत के प्रसिद्ध अस्पताल वेल्लोर में इलाज के लिए जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए राहत
ट्रेन में कुल 22 कोच है, जिसमें 11 जनरल कोच,आठ स्लीपर कोच,एक पेंट्री कार,दो गार्ड वैन शामिल है
पोदनूर से हर शनिवार और धनबाद से हर सोमवार को रवाना होगी अमृत भारत एक्सप्रेस

पूरे भारत में अब तक 58 अमृत भारत एक्सप्रेस

अमृत भारत एक्सप्रेस ‘मेक इन इंडिया’ का हिस्सा है, जो चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री में बनी है। पुश-पुल सिस्टम से 130 किमी/घंटा स्पीड, आधुनिक कोच और पैंट्री कार हैं। पूरे देश में अब 58 ऐसी ट्रेनें होंगी। ये ट्रेनें सिर्फ सफर नहीं, बल्कि मजदूर की उम्मीद, उद्योग की सप्लाई चेन और युवाओं के सपनों को जोड़ती हैं। प्रधानमंत्री मोदी का यह कदम दक्षिण भारत को राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था से मजबूती से जोड़ने वाला है।

Share This Article