अमृत भारत और वंदे भारत ट्रेन में क्या फर्क है?

3 Min Read

Amrit & Vande Bharat trains

नई दिल्ली, एजेंसियां। भारतीय रेलवे लगातार यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं देने की दिशा में काम कर रहा है। इसी क्रम में देश में एक ओर जहां तेज और आधुनिक वंदे भारत ट्रेन पहले से यात्रियों के बीच लोकप्रिय हो चुकी है, वहीं दूसरी ओर आम और मध्यम वर्ग के यात्रियों को ध्यान में रखकर अमृत भारत ट्रैन शुरुआत की गई है। अमृत भारत और वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें केंद्रीय सरकार (भारत सरकार) द्वारा भारतीय रेलवे के माध्यम से चलाई जाती हैंलेकिन दोनों ट्रेनों में किन चीजों का फर्क है आइए जानते हैं इस लेख में …

रफ्तार में वंदे भारत आगे

अगर गति की बात करें तो वंदे भारत ट्रेन भारत की सबसे आधुनिक और तेज ट्रेनों में से एक है। इसकी अधिकतम गति लगभग 160 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, हालांकि कई रूटों पर यह करीब 130 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलती है। दूसरी ओर अमृत भारत ट्रेन की गति इससे कम होगी और यह सामान्य एक्सप्रेस ट्रेनों की तरह चलेगी। इसका मुख्य उद्देश्य तेज रफ्तार के बजाय सस्ती और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।

किराए में बड़ा अंतर

वंदे भारत ट्रेन पूरी तरह एसी कोच से लैस होती है और इसमें चेयर कार और एग्जीक्यूटिव क्लास जैसी सुविधाएं मिलती हैं। यही वजह है कि इसका किराया सामान्य ट्रेनों की तुलना में अधिक होता है। इसके विपरीत अमृत भारत ट्रेन को कम किराए में यात्रा कराने के लिए बनाया गया है। इसमें एसी कोच नहीं होंगे, जिससे इसका किराया काफी कम रहेगा और अधिक लोग इसका फायदा उठा सकेंगे।

कोच और सुविधाएं

वंदे भारत ट्रेन में यात्रियों को आधुनिक और प्रीमियम सुविधाएं मिलती हैं। इसमें आरामदायक सीटें, ऑटोमैटिक दरवाजे, आधुनिक शौचालय, ऑनबोर्ड इंफोटेनमेंट सिस्टम और बेहतर सस्पेंशन जैसी सुविधाएं दी गई हैं।वहीं अमृत भारत ट्रेन में कुल 22 कोच है, जिनमें केवल स्लीपर और जनरल कोच शामिल होंगे। हालांकि इसमें भी यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए आधुनिक वॉशरूम और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है । यह ट्रेन लंबी दूरी की यात्रा करने वाले सामान्य यात्रियों के लिए किफायती विकल्प है।

इस तरह वंदे भारत ट्रेन जहां तेज और प्रीमियम सुविधाओं के लिए जानी जाती है, वहीं अमृत भारत ट्रेन कम किराए में ज्यादा यात्रियों को आरामदायक यात्रा का विकल्प देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

Share This Article