Dhanbad Bhubaneswar train
धनबाद। धनबाद से भुवनेश्वर के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन अब जल्द ही नियमित ट्रेन के रूप में संचालित होगी। रेलवे बोर्ड ने इस ट्रेन से स्पेशल का टैग हटाकर इसे नियमित ट्रेन बनाने की मंजूरी दे दी है। इससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि स्पेशल टैग हटते ही ट्रेन का किराया लगभग 25 प्रतिशत तक कम हो जाएगा।
कोरोना काल में कई ट्रेनों का संचालन बंद
कोरोना काल में जब कई ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया था और गरीब रथ जैसी ट्रेनों की सेवाएं प्रभावित हुई थीं, उसी दौरान धनबाद-भुवनेश्वर ट्रेन को स्पेशल ट्रेन के रूप में दोबारा शुरू किया गया था। तब से यह ट्रेन लगातार स्पेशल के रूप में ही चल रही थी। फिलहाल यह ट्रेन होली स्पेशल के तौर पर एक अप्रैल तक संचालित की जा रही है।
भोपाल में मिली थी मंजूरी
दरअसल, जनवरी में भोपाल में आयोजित इंडियन रेलवे टाइम टेबल कॉन्फ्रेंस (IRTTIC) के दौरान इस ट्रेन को नियमित करने का प्रस्ताव मंजूर किया गया था। अब करीब दो महीने बाद रेलवे बोर्ड ने भी इस फैसले पर अपनी मुहर लगा दी है।
आधिकारिक तारीख की घोषणा जल्द
जानकारी के अनुसार, भुवनेश्वर से यह ट्रेन 31 मार्च तक और धनबाद से एक अप्रैल तक स्पेशल ट्रेन के रूप में चलेगी। इसके बाद इसे नियमित ट्रेन के तौर पर चलाने की तैयारी है। हालांकि, नियमित संचालन की आधिकारिक तारीख की घोषणा जल्द होने की उम्मीद है।
किराया लगभग 25 प्रतिशत कम
स्पेशल ट्रेन होने की वजह से अक्सर इसके समय पालन में भी दिक्कतें आती थीं। कई बार धनबाद से खुलने वाली यह ट्रेन भुवनेश्वर तीन घंटे तक की देरी से पहुंचती थी। नियमित ट्रेन बनने के बाद समय पर संचालन की संभावना बढ़ जाएगी और यात्रियों को लेटलतीफी से राहत मिल सकेगी। स्पेशल टैग हटने से सबसे बड़ा फायदा किराए में कमी के रूप में मिलेगा। किराया लगभग 25 प्रतिशत कम होने से खासकर गरीब और मध्यम वर्ग के यात्रियों को राहत मिलेगी और उनका सफर अधिक सुविधाजनक हो जाएगा।








