गिरिडीह। लोकसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही झारखंड का राजनीतिक तापमान बढ़ गया है। झारखंडी भाषा आंदोलन की उपज कहे जाने वाले टाइगर जयराम महतो ने भी रणभेरी फूंक दी है।
उन्होंने ऐलान कर दिया है कि उनकी पांर्टी 5 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। यह भी स्पष्ट कर दा है कि वह गिरिडीह सीट से चुनाव लड़ने जा रहे हैं।
फिलहाल वह इकलौते ऐसे प्रत्याशी है, जो गिरिडीह लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि झारखंड में पांच सीटों पर उनकी पार्टी अपने दम पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी। चुनाव के बाद गठबंधन या किसी अन्य दल से करार पर फैसला परिस्थिति के अनुसार और जनता की सहमति से लिया जाएगा।
जयराम महतो ने कहा कि गिरिडीह में झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति का दावा सबसे मजबूत है। कसमार, गोमिया, तोपचांची, पेटरवार, पीरटांड़ समेत अन्य प्रखंडों में जेबीकेएसएस को भरपूर समर्थन मिल रहा है।
उनकी दावेदारी को भाजपा (BJP) जैसी राष्ट्रीय पार्टी भी नजरअंदाज नहीं कर रही है। यही वजह है कि अब तक उस पार्टी ने यहां से प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है।
जयराम ने कहा कि उनकी पार्टी गिरिडीह के अलावा कोडरमा, हजारीबाग, रांची और धनबाद सीट से अकेले अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।
संताल की दुमका सीट से चुनाव लड़ने को लेकर भी मंथन चल रहा है। उनकी रणनीति अपनी स्वतंत्र पहचान बनाने की है, ताकि भविष्य में लोग उनपर विश्वास कर सकें।
गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टियां निर्जीव होती हैं और नेता उन्हें जीवंत बनाते हैं।
इसे भी पढ़ें
गुजरात यूनिवर्सिटी में अफगानी छात्रों के साथ मारपीट, नमाज पढ़ने को लेकर हा था विवाद