रांची। इस साल झारखंड में क्रिसमस के दिन ठंडी की कंपकंपी नहीं महसूस होगी। मौसम विभाग के अनुसार, रांची में इस दिन अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
इस बदलाव का मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ है, जो तापमान में वृद्धि का कारण बन रहा है। मौसम केंद्र रांची ने अगले चार-पांच दिनों में तापमान में किसी तरह के बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई है।
बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी से तापमान में वृद्धि
शनिवार को झारखंड के मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। राज्य के विभिन्न हिस्सों में बादल छाए रहे, जिससे पूर्वी सिंहभूम सहित कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई। बादल छाने के कारण न्यूनतम तापमान में 4.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई, और सभी जिलों का तापमान अब 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया है।
रांची का तापमान 5 डिग्री बढ़ा, कोल्हान में हल्की बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि रांची का न्यूनतम तापमान पिछले 7 दिनों में लगभग 5 डिग्री बढ़कर 12.8 डिग्री सेल्सियस हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के कारण कोल्हान प्रमंडल में हल्की बारिश हुई है, जो इस तापमान वृद्धि का एक कारण हो सकता है।
झारखंड में घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने झारखंड के कुछ हिस्सों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पूर्वी, मध्य और दक्षिणी झारखंड के क्षेत्रों में सुबह के समय घना कोहरा रह सकता है। देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, रांची, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी और गुमला जिलों में घने कोहरे की संभावना है।
इसे भी पढ़ें
झारखंड में हल्की बारिश के बाद बढ़ा तापमान, 16 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट