पटना, एजेंसियां। सुशील कुमार मोदी का पार्थिव शरीर दिल्ली से पटना पहुंच गया है। एयरपोर्ट पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
फूलों से सजी पुलिस की गाड़ी में पार्थिव शरीर को उनके घर लाया गया है। घर पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है।

इसके बाद शाम 6 बजे पूरे राजकीय सम्मान के साथ पटना के दीघा घाट पर उनका अंतिम संसकार किया जायेगा।
इस मौके पर स्वंय सेवक संघ और भाजपा के कई बड़े नाम मौजूद रहेंगे। सुशील मोदी के अंतिम संस्कार में 12 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की सूचना है।
बता दें कि एयरपोर्ट पर सुशील मोदी का पार्थिव शरीर लाए जाने को लेकर भाजपा के कई नेता हवाई अड्डे पर पहुंचे।
इनमें उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा, पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन, पद्मश्री विमल जैन के अलावा कई भाजपा विधायक और प्रदेश पदाधिकारी, कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
सुशील मोदी की अंतिम यात्रा राजेंद्र नगर आवास से संघ कार्यालय विजय निकेतन दिनकर चौराहा- नाला रोड, भट्टाचार्य मोड़, एक्जीबिशन रोड चौराहा, डाकबंगला चौराहा, कोतवाली थाना, इस्कॉन मंदिर, बुद्ध मार्ग पुल होते हुए सप्तमूर्ति पहुंचेगी, बिहार विधान सभा में उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी।
इसके बाद वहां से बीजेपी प्रदेश कार्यालय में उनको श्रद्धांजलि दी जाएगी। बीजेपी प्रदेश कार्यालय से आयकर गोलंबर, पुनाईचक, विश्वेश्वरैया भवन से अटल पथ होते हुए दीघा घाट सुशील मोदी की अंतिम यात्रा पहुंचेगी। यहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार होगा।
इसे भी पढ़ें
रंजीत कोहली की मां और हाईकोर्ट के पूर्व रजिस्ट्रार को मिली बेल