Stock market:
मुंबई, एजेंसियां। शुक्रवार को शेयर बाजार शुरुआती कारोबार में सपाट से हल्की बढ़त के साथ खुला, लेकिन पूरे सत्र में उतार–चढ़ाव देखने को मिला। निवेशक भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति घोषणा को लेकर सतर्क थे, जिसके चलते बाजार में सीमित दायरे में कारोबार हुआ। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने रेपो दर में 25 आधार अंकों की कटौती की घोषणा की, जिससे नीति दर 5.50% से घटकर 5.25% हो गई। कम मुद्रास्फीति और विकास दर को देखते हुए इस निर्णय को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सेंसेक्स और निफ्टी का हाल:
बाजार खुलने पर बीएसई सेंसेक्स 53.54 अंकों की बढ़त के साथ 85,318.86 पर पहुंचा, जबकि एनएसई निफ्टी 28.2 अंक चढ़कर 26,061.95 पर खुला। हालांकि कुछ समय बाद दोनों सूचकांकों में तेज उतार–चढ़ाव देखने को मिला। सेंसेक्स की कंपनियों में इटर्नल, मारुति, पावर ग्रिड, इंफोसिस, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और बजाज फाइनेंस टॉप गेनर्स रहे, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक और ट्रेंट में कमजोरी दिखी।
रणनीतिकार वी.के. विजयकुमार ने कहा:
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के मुख्य रणनीतिकार वी.के. विजयकुमार ने कहा कि बाजार की नजरें सिर्फ दर कटौती पर नहीं, बल्कि आरबीआई की आगे की टिप्पणियों और तरलता प्रबंधन पर भी टिकी थीं, क्योंकि रुपये की कमजोरी और वैश्विक चुनौतियों के बीच नीति संकेत बेहद अहम हैं।वैश्विक मोर्चे पर एशियाई बाजार मिले-जुले रुझान के साथ कारोबार कर रहे थे। दक्षिण कोरिया का कोस्पी और शंघाई कंपोजिट हरे निशान में रहे, जबकि निक्केई 225 और हैंग सेंग में गिरावट दिखी। अमेरिकी बाजार गुरुवार को सपाट बंद हुए थे।
कमोडिटी बाजार में ब्रेंट क्रूड का भाव:
कमोडिटी बाजार में ब्रेंट क्रूड का भाव 0.17% गिरकर 63.15 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। वहीं विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने गुरुवार को 1,944 करोड़ रुपये की बिकवाली की, जबकि घरेलू निवेशकों (DII) ने 3,661 करोड़ रुपये की खरीद की। गुरुवार को सेंसेक्स 158.51 अंक चढ़कर 85,265 पर और निफ्टी 47.75 अंक बढ़कर 26,033 पर बंद हुआ था।







