Stock Market
मुंबई, एजेंसियां। सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट का सिलसिला जारी रहा। मिडल-ईस्ट में बढ़ते तनाव और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच घरेलू बाजार लाल निशान में बंद हुआ। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,352.74 अंकों यानी 1.71 प्रतिशत गिरकर 77,566.16 अंक पर बंद हुआ, जबकि एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स 422.40 अंकों (1.73 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 24,028.05 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 76,424.55 और निफ्टी 23,697.80 अंकों तक भी गिर गए थे।
सेंसेक्स और निफ्टी के शेयरों का प्रदर्शन
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से सिर्फ 5 कंपनियों के शेयर ही तेजी के साथ हरे निशान में बंद हुए, जबकि बाकी 25 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी 50 में भी केवल 8 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए और शेष 42 कंपनियों के शेयर लाल निशान में रहे।रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर सबसे ज्यादा 1.37 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुए। इसके विपरीत, अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर 5.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ सबसे ज्यादा डूबा।
अन्य प्रमुख स्टॉक्स का हाल
आज सेंसेक्स के अन्य शेयरों में इन्फोसिस 0.47 प्रतिशत, एचसीएल टेक 0.45 प्रतिशत, सन फार्मा 0.17 प्रतिशत, और टेक महिंद्रा 0.09 प्रतिशत की मामूली बढ़त लेकर बंद हुए।
वहीं, मारुति सुजुकी के शेयर 4.68 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 4.39 प्रतिशत, एसबीआई 3.92 प्रतिशत, इंडिगो 3.83 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स 3.75 प्रतिशत, टाटा स्टील 3.75 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा बैंक 3.48 प्रतिशत, एलएंडटी 2.76 प्रतिशत, एशियन पेंट्स 2.75 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 2.74 प्रतिशत, बीईएल 2.32 प्रतिशत, एक्सिस बैंक और एचडीएफसी बैंक 2.09 प्रतिशत, टाइटन 1.90 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 1.62 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनिलीवर 1.44 प्रतिशत, पावर ग्रिड 1.32 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 1.22 प्रतिशत, आईटीसी 1.18 प्रतिशत, टीसीएस 1.17 प्रतिशत, ट्रेंट 1.08 प्रतिशत, एनटीपीसी 1.05 प्रतिशत, एटरनल 1.01 प्रतिशत, और भारती एयरटेल 0.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।
विश्लेषक क्या कहते हैं
विश्लेषक मान रहे हैं कि मिडल-ईस्ट में संघर्ष, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और वैश्विक बाजार में बिकवाली के चलते घरेलू बाजार दबाव में रहा। निवेशकों ने जोखिम से बचने के लिए बिकवाली को तरजीह दी। इसके साथ ही विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की निरंतर निकासी और सेक्टोरल बिकवाली ने भी सेंसेक्स और निफ्टी पर दबाव बढ़ाया।








