WPL 2026: लगातार दो हार से चिंतित RCB, मंधाना ने बताया हार की वजह

3 Min Read

WPL 2026:

वडोदरा, एजेंसियां। WPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने सीजन की शुरुआत बेहद शानदार की थी। टीम ने लगातार पांच मुकाबले जीतकर फाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली थी। हालांकि, पिछले दो मैचों में RCB को हार का सामना करना पड़ा है, जिससे टीम के खेमें में हल्की चिंता जरूर बढ़ी है। इसके बावजूद RCB अंक तालिका में अभी भी शीर्ष पर बनी हुई है।

ऋचा घोष की तूफानी पारी भी नहीं दिला सकी जीत

मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में RCB की विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 90 रन की तेजतर्रार पारी खेली। हालांकि उनकी यह शानदार पारी टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं रही। दूसरी ओर, मुंबई की बल्लेबाज नैट सीवर-ब्रंट ने ऐतिहासिक शतक जड़ते हुए मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया और वह WPL इतिहास में शतक लगाने वाली पहली खिलाड़ी बनीं।

ऋचा घोष की पारी पर मंधाना की प्रतिक्रिया

पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन के दौरान कप्तान स्मृति मंधाना ने ऋचा घोष की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि ऋचा की बल्लेबाजी देखना बेहद खास अनुभव था और यह उनकी देखी हुई बेहतरीन पारियों में से एक थी। मंधाना ने माना कि हार के बाद ऐसी पारियों पर ध्यान कम जाता है, लेकिन ऋचा ने जिस आत्मविश्वास और आक्रामकता से खेला, वह सराहनीय है।

गेंदबाजी में हुई चूक

स्मृति मंधाना ने हार की वजह बताते हुए कहा कि पहले पांच मैचों में टीम की गेंदबाजी शानदार रही थी, लेकिन इस मुकाबले में कुछ गेंदबाज सही लाइन और लेंथ पर गेंद नहीं डाल पाईं। T20 क्रिकेट में सेट बल्लेबाज के सामने प्रयोग करना जरूरी होता है, लेकिन कई बार ये रणनीतियां काम नहीं करतीं।

आगे की रणनीति पर फोकस

कप्तान ने लॉरेन बेल और नादिन के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा कि टीम को अपनी रणनीति पर फिर से काम करना होगा। उन्होंने भरोसा जताया कि RCB गलतियों से सीखकर मजबूत वापसी करेगी और सीधे फाइनल में जगह बनाने के लिए जरूरी मुकाबला जरूर जीतेगी।

Share This Article