World Cup 2027
नई दिल्ली, एजेंसियां। भारतीय ऑफ-स्पिनर रविचंद्रन अश्विन इन दिनों अपने एक वायरल वीडियो की वजह से चर्चा में हैं, जिसमें उन्होंने 2027 वनडे विश्वकप के लिए भारत के संभावित टॉप-4 बल्लेबाज़ चुनते समय टीम के मौजूदा कप्तान शुभमन गिल का नाम ही भूल गए। सोशल मीडिया पर यह क्लिप आग की तरह फैल गई और फैंस ने इस पर जमकर प्रतिक्रिया दी। अमर उजाला द्वारा किए गए फैक्ट-चेक में भी यह बात सही पाई गई कि अश्विन ने पहले गिल का नाम नहीं लिया, जिसे बाद में उन्होंने खुद ठीक किया।
क्या कहा था अश्विन ने?
अपने यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान अश्विन ने भारत के टॉप-4 बल्लेबाजों की सूची में रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर और ऋतुराज गायकवाड़ का नाम लिया। इस दौरान शुभमन गिल का नाम छूट गया, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। कई यूजर्स ने मीम्स और कमेंट्स के जरिए इस गलती पर तंज कसा।
थोड़ी ही देर बाद अश्विन को अपनी गलती का अहसास हुआ और उन्होंने कहा,
“सॉरी, मैं शुभमन गिल का नाम भूल गया था। यह उनके साथ बिल्कुल भी न्याय नहीं है। टीम में जगह को लेकर काफी मुकाबला है, लेकिन मैं चाहता हूं कि ऋतुराज को भी मौका मिले।”
फैंस की तीखी प्रतिक्रियां:
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएँ सामने आईं। कुछ यूजर्स ने कहा कि अश्विन ने “जान-बूझकर” गिल का नाम छोड़ा, जबकि कुछ लोगों ने उनके ईमानदारी से गलती स्वीकार करने की प्रशंसा की। कई फैंस ने कहा कि गिल को “भूल जाना” उनकी क्षमता और रिकॉर्ड को देखते हुए उचित नहीं।
क्यों नहीं खेले गिल?
शुभमन गिल इस समय टीम इंडिया का हिस्सा नहीं हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट में उनकी गर्दन में चोट लगने के बाद वह बाहर हैं। उनकी गैरमौजूदगी में यशस्वी जायसवाल ओपनिंग कर रहे हैं, जबकि केएल राहुल वनडे टीम की कप्तानी कर रहे हैं।






