T20 World Cup: जानिए इस ऎतिहासिक जीत का श्रेय भारत के खिलाडियों ने किसे दिया?

3 Min Read

T20 World Cup

नई दिल्ली, एजेंसियां। भारत ने टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया ने हर विभाग में दमदार खेल दिखाते हुए तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने इस फैसले को गलत साबित कर दिया। भारतीय टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से बल्लेबाजों ने तेज शुरुआत की और बीच के ओवरों में भी रन गति को बनाए रखा, जिससे न्यूजीलैंड के गेंदबाज दबाव में आ गए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 159 रन पर सिमट गई। भारत के गेंदबाजों ने शुरू से ही कीवी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा और नियमित अंतराल पर विकेट लेते रहे। इस शानदार जीत के साथ भारतीय टीम ने एक और आईसीसी ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

खिलाड़ियों ने इस ऐतिहासिक जीत को लेकर क्या कहा?

मैच के बाद खिलाड़ियों ने इस ऐतिहासिक जीत को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने कहा कि अपने होम ग्राउंड पर विश्व कप फाइनल जीतना उनके लिए बेहद खास पल है। उन्होंने बताया कि पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल थी, इसलिए उन्हें अनुभव के साथ समझदारी से गेंदबाजी करनी पड़ी। बुमराह को फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।

ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने इस जीत का श्रेय किसे दिया?

ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने इस जीत का श्रेय अपनी मेहनत और टीम के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और सभी खिलाड़ियों ने एक-दूसरे का भरपूर साथ दिया।वहीं, बल्लेबाज अभिषेक ने भी अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए कहा कि एक समय ऐसा आया था जब उन्हें खुद पर शक होने लगा था, लेकिन टीम और कोच के भरोसे ने उन्हें मजबूत बनाए रखा। उन्होंने कहा कि टीम के समर्थन की वजह से ही वह बड़े मैच में अच्छा प्रदर्शन कर पाए।

इस जीत के साथ ही भारत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह विश्व क्रिकेट की सबसे मजबूत टीमों में से एक है। पूरे देश में टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया जा रहा है और क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

Share This Article