राहुल द्रविड़ के बाद कौन हो सकते है भारतीय क्रिकेट टीम के अगले कोच

4 Min Read

नई दिल्ली, एजेंसियां। भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के नए कोच की तलाश में बीसीसीआई अभी से जुट गया है।

बीसीसीआई ने सोमवार को 3.5 वर्ष के कार्यकाल के लिए आवेदकों से 27 मई तक आवेदन करने की मांग की है।

भारतीय टीम के वर्तमान कोच राहुल द्रविड़ का कार्यकाल टी20 विश्व कप के बाद समाप्त हो जाएगा। ऐसे में नए कोच का कार्यकाल एक जुलाई से शुरू होगा।

इस महत्वपूर्ण पद के लिए बीसीसीआई की नजरें कई पूर्व खिलाडि़यों और श्रेष्ठ कोच पर है। इनमें पूर्व भारतीय खिलाड़ी वीवीएस लक्ष्मण और गौतम गंभीर का भी नाम शामिल हैं।

साथ ही आस्ट्रेलियाई कोच जस्टिन लैंगर व पूर्व न्यूज़ीलैंड कप्तान स्टिफन फ्लेमिंग के नाम की भी चर्चा जोरो से है।

लक्ष्मण इस पद के लिए सर्वश्रेष्ठ विकल्प

भारतीय टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ अगर इस पद के लिए दोबारा आवेदन नहीं करते हैं तो राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) के प्रमुख और भारत के पूर्व महान बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण इस पद पर उनकी जगह लेने के लिए सर्वश्रेष्ठ विकल्प हो सकते हैं।

बीसीसीआई सचिव जय शाह ने यह बात स्पष्ट कर दिया है कि टेस्ट और सीमित ओवरों के क्रिकेट के लिए अलग-अलग कोच नहीं रखे जायेंगे ।

इसका मतलब है कि बीसीसीआई एक ही कोच की तलाश कर रही है।

नए कोच के लिए विकल्प कुछ इस प्रकार हो सकते हैं —

वीवीएस लक्ष्मण

अगर लक्ष्मण आवेदन करते हैं तो वह सर्वश्रेष्ठ विकल्प होंगे। 49 वर्ष के लक्ष्मण तीन वर्ष से एनसीए के प्रमुख हैं और भारतीय क्रिकेटरों की अगली नस्ल को बखूबी जानते हैं।

द्रविड़ के अवकाश पर होने पर उन्होंने सीनियर टीम की कोचिंग भी की है। उनके कोच रहते भारत ने एशियाई खेल, ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध द्विपक्षीय टी20 सीरीज और इंग्लैंड, न्यूजीलैंड तथा आयरलैंड में सीरीज खेली हैं।

गौतम गंभीर

विगत 10 वर्ष में शीर्ष स्तर पर क्रिकेट खेल चुके गंभीर को हर प्रारूप की समझ है। उनके तकनीकी कौशल को नकारा नहीं जा सकता है।

केकेआर के कप्तान के रूप में दो आइपीएल ट्राफी के अलावा लखनऊ सुपरजायंट्स को पहले दोनों वर्ष में प्लेऑफ तक ले जाने का श्रेय उन्हें प्राप्त है।

उनके कोच रहते केकेआर ने आइपीएल के इस सत्र में शानदार वापसी की है और तालिका में शीर्ष पर है। अब देखना यह है कि वह इस पद के लिए आवेदन करते हैं या नहीं।

जस्टिन लैंगर

एशेज और टी20 विश्व कप विजेता आस्ट्रेलियाई कोच लैंगर अच्छे रणनीतिकार और अनुशासन के मामले में सख्त हैं।

उन्होंने हाल ही में कहा कि वह भारत का कोच बनने की संभावना पर विचार कर सकते हैं, लेकिन यह मानसिक और शारीरिक रूप से काफी दबाव वाला काम है।

स्टिफन फ्लेमिंग

न्यूजीलैंड के पूर्व खिलाड़ी और विगत कई वर्षों से आइपीएल की सबसे सफल टीमों में से एक सीएसके के कोच रहे स्टिफन फ्लेमिंग के नाम की भी चर्चा खूब जोरों से हो रही है।

वर्तमान में वह सीएसके और एसए 20 में जोहान्सबर्ग सुपरकिंग्स की टीम के कोच हैं। क्योंकि उन्होंने पूर्व में बीसीसीआई के प्रस्ताव को ठुकराया है, वह आवेदन करेंगे या नहीं यह देखना होगा।

इसे भी पढ़ें

सुप्रीम कोर्ट ने मुख्तार अंसारी के बेटे को पिता की प्रार्थना सभा में शामिल होने की दी इजाजत

Share This Article
Exit mobile version